'12 लाख की लूट का फर्जी ड्रामा फेल' : भिंड में महिला ने रची झूठी कहानी, पुलिस ने खोला राज
भिंड जिले में एक महिला ने घर में घुसकर 12 लाख रुपये के जेवर लूटने की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की मनोवैज्ञानिक पूछताछ में महिला ने घरेलू विवाद के चलते सच्चाई कबूल की और छिपाए गए जेवर बरामद किए गए।

पुलिस ने गहने बरामद कर फर्जी लूट का पर्दाफाश किया।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। भिंड जिले में ऊमरी थाना अंतर्गत लहरौली गांव में घर में घुसकर मारपीट और करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटने की शिकायत आखिरकार झूठी निकली। पुलिस की सूझबूझ और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे महिला ने पूरा सच स्वीकर कर लिया। मामले में पुलिस ने महिला द्वारा छिपाए गए जेवर बरामद कर स्वजनों को सौंप दिए हैं। इस पूरे मामले का पर्दाफाश डीआईजी व एसपी डॉ. असित यादव, एएसपी संजीव पाठक के निर्देशन, डीएसपी दीपक तोमर और एसडीओपी रविंद्र वास्कले के नेतृत्व में हुआ है।
लूट की कहानी ने किया सबको हैरान
एसपी डॉ. असित यादव ने बताया कि 23 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे ग्राम लहरौली निवासी मालती देवी पत्नी पुष्पेंद्र बघेल अपने स्वजनों के साथ थाना ऊमरी पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अपने घर पर सो रही थी, ससुर खेत पर सो रहे थे। जबकि सास, जेठ और जिठानी शादी समारोह में गए हुए थे। रात करीब 2 बजे चार नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ उसके घर में घुस आए। महिला के मुताबिक बदमाशों ने उसे बेल्ट से मारकर बेहोश कर दिया और अलमारी व अन्य कमरों में रखे सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल चोरी कर ले गए। महिला ने चोरी गए सामान की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई।
प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को हुआ शक
घटना की गंभीरता को देखते हुए ऊमरी थाना टीआइ शिवप्रताप सिंह राजावत ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट टीम से भी घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। शुरुआती जांच में ही पुलिस को महिला के बयान संदिग्ध लगे। इसके बाद पुलिस ने महिला से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला टूट गई और उसने सच्चाई स्वीकार कर ली।
घरेलू विवाद निकली असली वजह
उसने बताया कि घरेलू विवाद के कारण उसने खुद ही चोरी की झूठी कहानी बनाई थी। महिला ने बताया कि उसकी सास के जेवरों पर शुरू से ही नजर थी। सास वैसे तो उसे जेवर नहीं देती और देती भी तो जिठानी में बराबर का बंटवारा होता। इसलिए उसने सास के जेवर घर में ही छिपा दिए थे और लूट की कहानी सभी को बताई।
सारे जेवर बरामद
महिला की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए। इसके बाद सामान स्वजनों को सौंप दिया गया। जांच में महिला की शिकायत पूरी तरह झूठी पाई गई। इस कार्रवाई में टीआइ राजावत के अलावा एसआइ ध्यानेन्द्र सिंह, मलखान सिंह, नयागांव थाना प्रभारी वैभव तोमर, फिंगरप्रिंट एसआइ मुनेन्द्र राठौर, हवलदार सोनेन्द्र सिंह, आरक्षक राहुल तोमर, महिला आरक्षक निधि परमार तथा मोहम्मद आजम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- भिंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस का काला कारोबार बेनकाब : 13 गिरफ्तार, कई राज्यों तक फैला जाल
महिला द्वारा दी गई लूट की सूचना जांच में गलत पाई गई। पूछताछ में उसने घरेलू विवाद के चलते झूठी कहानी रचने की बात स्वीकार की है। छिपाए गए जेवर बरामद कर लिए गए हैं और आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआइ थाना ऊमरी

