स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने रचा इतिहास, ग्वालियर के TACDE से 'फाइटर कॉम्बैट लीडर' का कोर्स कर बनीं देश की पहली महिला टॉप गन
स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने ग्वालियर के TACDE से फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स पूरा कर भारतीय वायुसेना की पहली महिला 'टॉप गन' बनकर इतिहास रच दिया है। यह उ ...और पढ़ें

भावना कंठ (सौजन्य- आईएएफ)
HighLights
भावना कंठ बनीं भारतीय वायुसेना की पहली महिला 'टॉप गन'।
ग्वालियर के TACDE से फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स किया पूरा।
सैन्य सेवाओं में महिलाओं की भूमिका को दी नई ऊँचाई।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। भारतीय वायुसेना की स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने सैन्य इतिहास में नया अध्याय जोड़ते हुए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ग्वालियर स्थित भारतीय वायुसेना के टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (TACDE) में आयोजित प्रतिष्ठित फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद वह भारतीय वायुसेना की पहली महिला ‘टॉप गन’ बन गई हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह देश की पहली महिला फाइटर पायलट हैं।
वायुसेना के सबसे कठिन युद्धक प्रशिक्षण में मिली सफलता
ग्वालियर स्थित TACDE भारतीय वायुसेना का सर्वोच्च फाइटर टैक्टिक्स प्रशिक्षण संस्थान माना जाता है। यहां केवल चुनिंदा और उत्कृष्ट फाइटर पायलटों को उन्नत हवाई युद्धक रणनीति, मिशन नेतृत्व और ऑपरेशनल टैक्टिक्स का प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां से प्रशिक्षित अधिकारी अपने-अपने स्क्वाड्रनों में युद्धक रणनीति तैयार करने के साथ अन्य पायलटों को भी प्रशिक्षित करते हैं।
'टॉप गन' कोई सैन्य पद या रैंक नहीं, बल्कि भारतीय वायुसेना के सबसे चुनौतीपूर्ण फाइटर कॉम्बैट लीडर कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले चुनिंदा फाइटर पायलटों को मिलने वाली प्रतिष्ठित पहचान है।
महिला फाइटर पायलटों के पहले बैच का हिस्सा रहीं
बिहार के दरभंगा की रहने वाली स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ वर्ष 2016 में भारतीय वायुसेना में शामिल पहली महिला फाइटर पायलटों के पहले बैच का हिस्सा थीं। उन्होंने मिग-21 बाइसन और बाद में अत्याधुनिक सुखोई-30 एमकेआई जैसे लड़ाकू विमानों का संचालन किया। मार्च 2020 में उन्हें दिन के समय युद्ध अभियानों के लिए पूर्ण रूप से ऑपरेशनल घोषित किया गया था।
करीब 20 महीने के कठिन प्रशिक्षण के बाद 'टॉप गन' का गौरव हासिल कर उन्होंने भारतीय सैन्य सेवाओं में महिलाओं की भूमिका को नई ऊंचाई दी है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में कांवड़ियों पर हमला, तलवार-हथौड़े चले; कार से टक्कर लगने पर हुआ था विवाद, हिंदू संगठनों ने थाना घेरा
राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित है ग्वालियर का TACDE
जिस ग्वालियर स्थित टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट में भावना कंठ ने यह उपलब्धि हासिल की, उसे वर्ष 2009 में प्रेसिडेंट्स स्टैंडर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने ग्वालियर में आयोजित समारोह में TACDE और 47 स्क्वाड्रन को यह सम्मान प्रदान किया था।
खबरें और भी
इस प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना 1 फरवरी 1971 को पंजाब के आदमपुर में हुई थी। इसका उद्देश्य विभिन्न लड़ाकू विमानों के लिए आधुनिक युद्धक रणनीतियों का विकास, मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का निर्माण और फाइटर पायलटों को उन्नत युद्ध प्रशिक्षण देना रहा है।