ग्वालियर में कांवड़ियों पर हमला, तलवार-हथौड़े चले; कार से टक्कर लगने पर हुआ था विवाद, हिंदू संगठनों ने थाना घेरा
ग्वालियर में कांवड़ यात्रा पर जा रहे युवकों पर हमला हुआ, जिसमें तलवार और हथौड़ों का इस्तेमाल किया गया। कार से टक्कर के विवाद के बाद हुई इस घटना में एक ...और पढ़ें

कांवड़ यात्रा ले जा रहे युवकों से विवाद के बाद लगी भीड़। (फोटो- जागरण)
HighLights
कांवड़ यात्रा पर जा रहे युवकों पर हमला।
तलवार, हथौड़ों और पत्थरों से किया वार।
हिंदू संगठनों ने ग्वालियर थाने का घेराव किया।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। कांवड़ यात्रा के दौरान गुरुवार रात ग्वालियर में उस समय तनाव फैल गया, जब कांवड़ यात्रा में शामिल होने जा रहे कुछ युवकों पर कथित तौर पर मुस्लिम युवकों ने तलवार, हथौड़ों और पत्थरों से हमला कर दिया। कार से टक्कर लगने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।
हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता ग्वालियर थाने पहुंच गए। देर रात तक थाने के बाहर हंगामा चलता रहा।
कार से टक्कर के बाद हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घासमंडी निवासी विवेक यादव अपने साथी शुभम यादव के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए अपने मित्र का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक अर्टिगा कार वहां पहुंची। आरोप है कि कार ने विवेक को टक्कर मार दी। इस पर विरोध करने पर कार में सवार अरशद खान, गोलू खान, अकील खान और बंटू खान सहित अन्य लोग विवाद करने लगे। देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और झड़प हिंसक हो गई।
एक युवक गंभीर घायल, हिंदू संगठनों ने घेरा थाना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने तलवार और हथौड़ों से हमला किया तथा पथराव भी किया। हमले में विवेक यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में 18 टांके लगाए गए। अन्य युवकों को भी चोटें आई हैं।
खबरें और भी
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता ग्वालियर थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर देर रात तक प्रदर्शन किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में ट्रेन से अगवा 18 माह की बच्ची 24 घंटे में बरामद, 150 सीसीटीवी खंगालकर लिव-इन कपल तक पहुंची पुलिस
आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने देर रात आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल होने जा रहे युवकों पर हमला करने के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।