देवास में चलती बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान, प्रतापगढ़ से सूरत जा रही थी बस
इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर नेवरी फाटा क्षेत्र की घटना, कुछ यात्री बोले- डीजल लीकेज हो रहा था। एक ओर का यातायात डायवर्ट कर करीब एक घंटे में पाया काबू, अधि ...और पढ़ें
HighLights
देवास में हाईवे पर प्रतापगढ़-सूरत बस में लगी आग।
यात्रियों ने खिड़की से कूदकर बचाई अपनी जान।
करीब एक घंटे में आग पर पाया गया काबू।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से सूरत (गुजरात) जा रही यात्री बस एआर20ई2424 में भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर देवास जिले के नेवरी फाटा क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब पांच बजे अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग का पता चलते ही चालक ने बस को रोक दिया।
यात्रियों में मचा हड़कंप
इस घटना से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी व चीख पुकार मच गई। यात्री दरवाजे की ओर भागने लगे, कई यात्री खिड़कियों से नीचे कूद गए। सूचना मिलने पर सोनकच्छ, टोंकखुर्द से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
यात्रियों का सामान जलकर खाक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यात्री बस सोमवार रात में प्रतापगढ़ से सूरत के लिए रवाना हुई थी, बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। यात्री रामदास पटेल निवासी शहडोल ने बताया कि आग कैसे लगी, यह नहीं पता। जैसे ही पता चला हम जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। किसी को सामान निकालने का मौका नहीं मिल पाया।

डीजल लीकेज की आशंका
कुछ यात्रियों ने बताया बस में कुछ किमी पहले ही डीजल डलवाया गया था, जिससे बाद डीजल लीकेज हो रहा था, आशंका है कि इससे ही आग फैली हो। बस में मप्र, उप्र, गुजरात के यात्री सवार थे। हादसे के बाद नेवरी फाटा की ओर से देवास की ओर आने वाले मार्ग का यातायात दूसरी ओर डायवर्ट कर दिया गया था।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- देवास के जंगल में चलती कार बनी आग का गोला, ड्राइवर सहित तीन युवक बाल-बाल बचे
नजदीक फायर ब्रिगेड नहीं होने से आग बुझाने में लगा समय
घटनास्थल के समीप भौंरासा नगर परिषद में फायर ब्रिगेड नहीं है। ऐसे में सोनकच्छ से फायर ब्रिगेड बुलवाई गई जो करीब 15 किमी से भी अधिक दूर पड़ता है। इसमें समय अधिक लग गया और आग फैलती चली गई, जिससे नुकसान अधिक हुआ। हालांकि गनीमत यह रही कि इसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यात्रियों ने यह भी बताया कि बस में चढ़ने-उतरने का एक ही दरवाजा था।