इंदौर के गांधी हॉल में जर्मन महिला से छेड़छाड़, सेल्फी लेते समय नशे में धुत गार्ड ने की आपत्तिजनक हरकत
इंदौर के गांधी हॉल में सेल्फी ले रही एक जर्मन महिला से नशे में धुत सुरक्षा गार्ड ने छेड़छाड़ की। पुलिस ने आरोपित गार्ड दीपक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की जांच कर रही है।

विदेशी महिला से सुरक्षा गार्ड (इनसेट में) ने की अश्लील हरकत। (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
जर्मन महिला से इंदौर के गांधी हॉल में छेड़छाड़ हुई।
नशे में धुत सुरक्षा गार्ड दीपक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सिक्युरिटी एजेंसी को भी नोटिस जारी किया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर के गांधी हॉल परिसर में प्रदर्शनी देखने पहुंची जर्मनी की एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला दिल्ली की एक इवेंट कंपनी में कार्यरत है। 17 अगस्त को प्रदर्शनी के दौरान वह गांधी हॉल परिसर में सेल्फी ले रही थी, तभी वहां तैनात सुरक्षा गार्ड दीपक ने कथित तौर पर उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की।
घटना के बाद महिला घबरा गई और पुलिस से शिकायत की। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित दीपक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नशे की हालत में था आरोपित
जोन-3 के डीसीपी अभिषेक रंजन के अनुसार आरोपित दीपक घटना के समय नशे में था। उसने श्री सिक्युरिटी सर्विस की वर्दी पहन रखी थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह राजेंद्र नगर क्षेत्र में काम करता है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई के साथ सुरक्षा एजेंसी के संचालक को भी नोटिस जारी किया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी की ड्यूटी गांधी हॉल में किस आधार पर लगाई गई थी और सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।
भाषा बनी चुनौती, दुभाषिये की मदद से हुई काउंसलिंग
घटना के बाद शिकायत करने पहुंची महिला काफी घबराई हुई थी। पुलिस ने महिला की काउंसलिंग कराई। शुरुआत में भाषा की समस्या के कारण पुलिस को उसका बयान समझने में दिक्कत हुई। इसके बाद दुभाषिये की मदद ली गई और महिला से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस के मुताबिक महिला करीब एक महीने पहले ही दिल्ली आई थी और इवेंट कंपनी के काम से इंदौर पहुंची थी।
विदेशी महिला से छेड़छाड़ का दूसरा मामला
इंदौर में विदेशी महिला से छेड़छाड़ का यह मामला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि पिछले साल एक ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट खिलाड़ी के साथ भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। उस मामले में आरोपित अकील उर्फ नाइट्रा पर खिलाड़ी के साथ बैड टच करने का आरोप लगा था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच सार्वजनिक स्थलों पर महिला सुरक्षा और विदेशी मेहमानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
