विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मां का गला घोंटा, दीदी को तालाब में डुबोया...मैं झाड़ियों के सहारे बचा'; 8 साल के मासूम ने इंदौर पुलिस को बताई हत्यारे पिता की खौफनाक करतूत

Updated: Wed, 19 Aug 2026 03:39 PM (IST)

इंदौर में एक पिता ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और बेटी को तालाब में डुबो दिया। आठ वर्षीय बेटे ने डूबने का नाटक कर अपनी जान बचाई और पुलिस को पिता की करतूत बताई।

आरोपित सुनील चौहान, उसकी पत्नी अनिता, बेटी माही और बेटा अजय।

आरोपित सुनील चौहान, उसकी पत्नी अनिता, बेटी माही और बेटा अजय।

HighLights

  1. पिता ने पत्नी की हत्या कर बेटी को तालाब में डुबोया।

  2. आठ वर्षीय बेटे ने डूबने का नाटक कर जान बचाई।

  3. बेटे अजय ने पुलिस के सामने सुनाई आपबीती।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। पापा और मम्मी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पापा ने मम्मी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मुझे उनके रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। इसके बाद पापा घर आए और कहा कि मम्मी के पास चलना है। दीदी माही और मुझे बाइक से तालाब के पास ले गए। दीदी को गोद में बैठाकर गहरे पानी में ले गए और छोड़कर बाहर आ गए।

दीदी की डूबने से मौत हो गई। इसके बाद मुझे भी मरने के लिए तालाब में फेंक दिया था। पाल के पास पानी गहरा नहीं था। मैंने झाड़ियां पकड़ लीं और डूबने की एक्टिंग की। बाद में पेड़ की आड़ में जाकर छुप गया। आठ वर्षीय अजय ने पुलिस को यह बताते हुए पूरी घटना की जानकारी दी।

उसने बताया कि पिता के जाने के बाद वह बाहर आया तो गांव में रहने वाले अंकल मिले। उसने उन्हें पूरी बात बताई। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। एक आंटी ने उसके गीले कपड़े बदले और वह पुलिसवालों के साथ दीदी को ढूंढने गया। अजय के अनुसार उसकी दीदी माही की तालाब में डूबने से मौत हो गई।

बेटे को जिंदा देखकर चौंका आरोपित

पुलिस के अनुसार आरोपित सुनील किसी भी कीमत पर परिवार को खत्म करना चाहता था। उसने थाने में अजय को देखा तो चौंक गया। उसने पुलिसवालों से पूछा कि यह कैसे बच गया। इसे तो मैंने डुबोकर मार दिया था। पुलिसकर्मियों ने उसे बताया कि अजय किस तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकला।

इस पर अजय ने कहा कि इसकी भगवान ने मदद की है। इसकी मौत मेरे हाथ से नहीं लिखी होगी। आरोपित ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह खुद भी आत्महत्या करना चाहता था। हालांकि पुलिस को उसकी इस बात पर विश्वास नहीं है। टीआई सहर्ष यादव के अनुसार सुनील को घर से करीब दो किलोमीटर दूर से पकड़ा गया है।

यह भी पढ़ें- इंदौर में जर्मन महिला से छेड़छाड़, गांधी हॉल में सेल्फी लेते वक्त सुरक्षा गार्ड ने की आपत्तिजनक हरकत

बर्थडे पार्टी के बहाने ले गया था आरोपित

घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे की है। आरोपित सुनील रामअवतार चौहान निवासी झलारिया है। आरोप है कि रात करीब 9:30 बजे वह अनिता को जन्मदिन की पार्टी के बहाने खेत की ओर ले गया। वहां उसने पहले अनिता को मारा, इसके बाद दोनों बच्चों को ले जाकर हिंगोरिया तालाब में फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद सुनील घर से फरार हो गया था। पुलिस ने उसे घर से करीब दो किलोमीटर दूर से गिरफ्तार किया। घटनास्थल से धारदार कटर बरामद किया गया है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन का रिमांड लिया गया है।

इस तरह चला घटनाक्रम

रात 8:30 बजे : खाना खाने के दौरान अनिता और सुनील के बीच कहासुनी हुई।
रात 9:30 बजे : सुनील अनिता को जन्मदिन की पार्टी के बहाने खेत की ओर ले गया और उसकी हत्या कर दी।
रात 10 बजे : सुनील घर आया और दोनों बच्चों को बाइक से हिंगोरिया तालाब के पास ले गया।
रात 10:20 बजे : सुनील ने माही और अजय को तालाब में फेंक दिया।
रात 11 बजे : अजय किसी तरह तालाब से बाहर निकलकर गांव पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
रात 3:30 बजे : पुलिस और एसडीईआरएफ ने तालाब से माही का शव निकाला।
सुबह 4 बजे : पुलिस ने खेत से अनिता का शव बरामद किया। (जैसा आरोपित सुनील के आठ वर्षीय बेटे अजय ने पुलिस को बताया)