इंदौर में करोड़ों के 3जी टावर उपकरण चोरी का मास्टरमाइंड दिल्ली से गिरफ्तार, 6वीं तक पढ़ा है आरोपित
इंदौर क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपित इंतजार मलिक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह चोरी किए गए उपकरणों को विदेश तक सप्लाई कर ...और पढ़ें

पुलिस ने आरोपित को पकड़ा (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में करोड़ों रुपये के 3जी मोबाइल टावर उपकरण चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय गिरोह के फरार आरोपी इंतजार मलिक को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। वह लंबे समय से फरारी काट रहा था और उत्तर प्रदेश व दिल्ली में छिपकर रह रहा था।
डीसीपी (क्राइम) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के जनरल मैनेजर अंबरीष तिवारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोपितों ने ठेके के नाम पर मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों में लगे टावरों से करीब 8 करोड़ रुपये के 3जी उपकरण निकाल लिए और उन्हें गोदाम में जमा करने के बजाय चोरी कर लिया।
पहले ही पकड़े जा चुके 5 आरोपित
क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बिहार, दिल्ली, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लगातार छापेमारी की। इससे पहले पुलिस गिरोह के पांच सदस्य इमरान मलिक, उस्मान मलिक, आबिद मलिक, राकेश उर्फ सचिन कुमार सिंह और संजीव कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी किए गए उपकरण दिल्ली के सीलमपुर स्थित स्क्रैप बाजार में बेचे जाते थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने कर्दमपुरी, दिल्ली से इंतजार मलिक को गिरफ्तार किया।
10 साल से स्क्रैप कारोबार में सक्रिय
आरोपित पिछले एक दशक से सीलमपुर में स्क्रैप का कारोबार कर रहा था और इसी आड़ में चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करता था। वह कक्षा छह तक पढ़ा है। फिलहाल पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- इंदौर में दूसरी शादी के बाद युवक की क्रूर हरकत : पहली पत्नी का मुंडन कर नग्न अवस्था में बनाया वीडियो, साले को भेजा
विदेश तक सप्लाई का शक
पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह चोरी किए गए उपकरणों को विदेश तक सप्लाई करता था। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।