Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इंदौर एयरपोर्ट पर अबू धाबी फ्लाइट से आए यात्री से 2 करोड़ का सोना जब्त, कर्मचारी भी शक के घेरे में

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 04:17 PM (IST)

    इंदौर एयरपोर्ट पर अबू धाबी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में डीआरआई ने एक यात्री से करीब 1 किलो सोना जब्त किया है। इस सोने की कीमत 2 करोड़ रुपय ...और पढ़ें

    इंदौर एयरपोर्ट (प्रतीकात्मक चित्र)

    इंदौर एयरपोर्ट (प्रतीकात्मक चित्र)

    HighLights

    1. इंदौर एयरपोर्ट पर अबू धाबी फ्लाइट से 1 किलो सोना जब्त।

    2. बरामद सोने की कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई।

    3. एयरपोर्ट कर्मचारी की भूमिका भी डीआरआई जांच के दायरे में।

    डिजिटल डेस्क, इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अबू धाबी से पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में सोना तस्करी का मामला सामने आया है। सोमवार तड़के राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने एक यात्री को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान उसके पास से करीब एक किलो सोना बरामद होने की जानकारी सामने आई है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

    पहले से थी तस्करी की सूचना

    सूत्रों के मुताबिक डीआरआई को पहले ही इनपुट मिला था कि अबू धाबी से इंदौर आने वाली फ्लाइट में सोने की तस्करी की जा सकती है। सूचना के आधार पर टीम ने यात्रियों की प्रोफाइलिंग और निगरानी की। विमान के इंदौर पहुंचने के बाद संदिग्ध यात्री को रोककर पूछताछ की गई।

    तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब एक किलो सोना मिलने के बाद डीआरआई अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बरामद सोने की कीमत दो करोड़ रुपये से ज्यादा होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

    एयरपोर्ट कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में

    मामले की जांच के दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस अथवा एयरपोर्ट से जुड़े एक कर्मचारी की भूमिका भी संदेह के घेरे में आने की बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, डीआरआई अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारी से भी काफी देर तक पूछताछ की है।

    खबरें और भी

    हालांकि, कर्मचारी की भूमिका क्या रही और पूछताछ के बाद उसके खिलाफ कोई कार्रवाई या गिरफ्तारी की गई है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

    सीधी उड़ान शुरू होने के बाद पहली बड़ी कार्रवाई

    अबू धाबी-इंदौर के बीच सीधी उड़ान सेवा की शुरुआत पिछले महीने ही हुई थी। ऐसे में नई अंतरराष्ट्रीय उड़ान से जुड़े इस मामले ने सुरक्षा और कस्टम निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। इससे पहले दुबई और शारजाह से इंदौर आने वाली उड़ानों के यात्रियों से भी सोना बरामद होने के मामले सामने आ चुके हैं।

    यह भी पढ़ें- इंदौर में मेडिकल विभाग के स्टोर कीपर के ठिकानों पर EOW का छापा, आय से 110% ज्यादा संपत्ति का दावा; थाईलैंड यात्रा का भी खुलासा

    डीआरआई की जांच जारी, जल्द हो सकता है खुलासा

    फिलहाल डीआरआई, एयरपोर्ट प्रबंधन और एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। एजेंसी यात्री से पूछताछ के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे इंदौर में किसे सौंपा जाना था।