Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    AI समिट के विरोध ने MP में भड़काई सियासत : भोपाल, इंदौर में भिड़े BJYM-कांग्रेस कार्यकर्ता, पथराव में 11 घायल

    Updated: Sat, 21 Feb 2026 04:35 PM (IST)

    दिल्ली में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में मध्य प्रदेश में भाजपा युवा मोर्चा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें हुईं। भोपाल और इंदौर ...और पढ़ें

    HighLights

    1. भोपाल और इंदौर में BJYM-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प।

    2. पथराव में 11 लोग घायल हुए, कई को गंभीर चोटें आईं।

    3. दिल्ली AI समिट विरोध से मध्य प्रदेश में सियासी बवाल।

    डिजिटल डेस्क, भोपाल। दिल्ली की AI इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस के अर्धनग्न होकर किए गए प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं ने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के साथ ही जिला कांग्रेस कार्यालयों पर हंगामा किया तो कांग्रेसियों ने उनका टकराव हो गया। भोपाल और इंदौर में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पथराव किया। इसमें कई लोगों के चोट आई। भोपाल और इंदौर में 11 लोगों घायल हो गए।

    indore BJP-congress clash 2157

    भोपाल में चले जूते-चप्पल, हुआ पथराव

    भोपाल में इंदिरा भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश में वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। दोनों ने एक-दूसरे पर जूते-चप्पल और गमले फेंके। पुलिस ने किसी तरह प्रदर्शनकारियों को कार्यालय से बाहर निकाला। उसके बाद सड़क पर खड़े प्रदर्शनकारी पथराव करने लगे। जवाब में कार्यालय के भीतर से कांग्रेसियो ने भी पत्थर फेंके। करीब छह लोग घायल हुए हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) गोपिल कोतवाल का सिर फूट गया। वह आइसीयू में भर्ती हैं। भाजयुमो के जिला मंत्री मोहित अग्निहोत्री की नाक की हड्डी टूट गई। घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लिंक रोड नंबर एक पर बैठकर प्रदर्शन किया।

    indore BJP-congress clash 2156

    इंदौर में भी उग्र प्रदर्शन

    इंदौर में पथराव के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के सिर में चोट लगी। भाजपा की मंडल उपाध्यक्ष बिंदु चौहान की भी आंख के पास चोट लगी। दो मीडियाकर्मी के साथ कुछ पुलिस जवान भी पत्थर लगने से घायल हुए। कांग्रेसियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने पंढरीनाथ थाने को घेर लिया। भाजपा विधायक रमेश मेंदोला और गोलू शुक्ला भी थाने पर पहुंचे। इसके बाद शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े समेत 20 कांग्रेसियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

    indore BJP-congress clash 2158

    पीएम मोदी का पुतला फूंका

    बताया गया कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में ही बैरिकेड के पास जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंक दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पोस्टर भी जलाए। प्रधानमंत्री और भाजपा विरोधी नारे लगाए। इसके बाद दूसरी ओर मौजूद भाजपाई भड़के और पथराव की शुरुआत हुई। पुलिस पहले वाटर कैनन से भीड़ पर काबू पाने की कोशिश करती दिखी। जब पथराव हुआ, तब भी पुलिस वाले दोनों दलों के कार्यकर्ता-नेताओं को सिर्फ पीछे धकेलने की कोशिश में जुटे रहे।

    खबरें और भी

    indore BJP-congress clash 2159

    जबलपुर-ग्वालियर में भी टकराव

    वहीं, जबलपुर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। राहुल गांधी का पुतला जलाया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी पहुंच गए। टकराव के हालात बन गए। पुलिस ने रोका। ग्वालियर समेत अन्य शहरों में भी भाजयुमो व कांग्रेस ने प्रदर्शन किया और कहीं-कहीं टकराव की स्थिति भी बनी।

    यह भी पढ़ें- MP: हेमंत कटारे ने भाजपा में जाने की अटकलों पर लगाया विराम, कहा- पद नहीं, जनता के विश्वास से लेता हूं ताकत