वर्दी में Reel बनाना पड़ा भारी... इंदौर के डांसिंग कॉप का 'डिमोशन', हवलदार से पुन: बनाया सिपाही
इंदौर के 'डांसिंग कॉप' हवलदार रंजीत सिंह को वर्दी में रील बनाने के कारण पदावनत कर आरक्षक बना दिया गया है। पहले उन्हें आपत्तिजनक मैसेज भेजने के आरोप मे ...और पढ़ें

डांसिंग कॉप रंजीत सिंह (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। ट्रैफिक सिग्नल पर डांस कर अनोखे अंदाज में यातायात व्यवस्था संभालने से चर्चा में आए हवलदार रंजीत सिंह को वर्दी में रील बनाना भारी पड़ गया। इंदौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रंजीत सिंह को हवलदार (कार्यवाहक प्रधान आरक्षक) से पदावनत कर पुनः आरक्षक बना दिया है।
इससे पहले युवती को आपत्तिजनक मैसेज भेजने के आरोप में रंजीत सिंह को ट्रैफिक थाने से हटाकर पुलिस लाइन में अटैच किया जा चुका था। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) आरके सिंह के अनुसार, रंजीत सिंह को 3 मार्च 2021 को पदोन्नति देकर कार्यवाहक प्रधान आरक्षक बनाया गया था, लेकिन अब उनका यह कार्यवाहक प्रभार निरस्त कर दिया गया है।
पिछले कुछ महीनों से विवादों में
रंजीत सिंह बीते कुछ महीनों से लगातार विवादों में घिरे हुए थे। एक युवती ने फेसबुक मैसेंजर के जरिए आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया था। युवती ने स्क्रीनशॉट साझा करते हुए दावा किया था कि रंजीत उसे इंदौर बुला रहा था और ठहरने की व्यवस्था कराने की बात भी लिखी थी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दूषित पानी के कहर से 31वीं मौत, बुजुर्ग ने तोड़ा दम, 20 दिन से वेंटिलेटर पर थे
मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने उन्हें ट्रैफिक थाना से हटाकर पुलिस लाइन में पदस्थ किया था। इसके बावजूद रंजीत ने वर्दी में रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे विभाग की छवि पर सवाल खड़े हुए।
खबरें और भी
पिस्टल और हथकड़ी के साथ बनाई थी रील
रंजीत सिंह ने हाल ही में हाथ में पिस्टल और हथकड़ी लेकर भी एक रील बनाई थी। इस पूरे मामले को पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने गंभीरता से लिया और डीसीपी (मुख्यालय) प्रकाश परिहार से जांच करवाई। जांच के बाद बुधवार को डीसीपी द्वारा आदेश जारी कर रंजीत सिंह को पदावनत करते हुए पुनः आरक्षक बना दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अनुशासनहीनता और सोशल मीडिया पर वर्दी के दुरुपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।