इंदौर में खौफनाक वारदात: पत्नी की हत्या कर पति ने की खुदकुशी, मरने से पहले भतीजे को किया मैसेज- 'दरवाजा तोड़ निकाल लेना शव'
इंदौर के मेघदूत नगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर खुद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मौके से मिले सुसाइड नोट में उसने पत्नी पर बेवफाई का आरोप लग ...और पढ़ें

हल्केवीर पटेल पत्नी रोशनी के साथ।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर के मेघदूत नगर क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 34 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवक ने पत्नी पर धोखा देने और एक अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच के लिए पुलिस ने मोबाइल और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।
हीरानगर थाना पुलिस के अनुसार मूल रूप से नर्मदापुरम जिले के पिपरिया निवासी हल्केवीर पटेल पीथमपुर की एक पेस्टीसाइड फैक्टरी में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने कमरे के भीतर पति-पत्नी के शव पास-पास पड़े पाए। प्रारंभिक जांच में महिला की गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि कमरे से जहरीला पदार्थ भी बरामद हुआ है।
बच्ची का रोना सुन पड़ोसियों को हुआ शक
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह घर से बच्ची के लगातार रोने की आवाजें आ रही थीं। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से बंद होने के कारण पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया।
सुसाइड नोट में गंभीर आरोप
मौके से बरामद सुसाइड नोट में युवक ने लिखा कि वह और उसकी पत्नी जहर खाकर जान दे रहे हैं। नोट में उसने पीथमपुर निवासी एक व्यक्ति पर उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर संबंध बनाने और ब्लैकमेल करने जैसे आरोप लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें और भी
डेढ़ बजे भतीजे को मैसेज- दरवाजा तोड़कर शव निकाल लेना
हल्के ने शनिवार रात करीब डेढ़ बजे अपने भतीजे ललित को मोबाइल पर मैसेज भेजा था। उसमें लिखा- 'कल थाने पहुंच जाना। दरवाजा तोड़कर शव निकाल लेना।'
परिवार भी सदमे में
मृतक के भाई ने बताया कि हल्के करीब दस साल पहले इंदौर आया था। परिवार को पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद की गंभीरता का अंदाजा नहीं था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।