इंदौर सुपर कॉरिडोर पर मौत की रफ्तार : रेलिंग से टकराई बाइक, 35 फीट नीचे गिरी युवती, युवक की भी मौत
इंदौर के सुपर कॉरिडोर पर तेज रफ्तार बाइक दुर्घटना में एक युवती और एक युवक की मौत हो गई। बाइक ब्रिज की रेलिंग से टकराई, जिससे युवती 35 फीट नीचे गिरी और ...और पढ़ें

सड़क हादसे में युवक-युवती की मौत (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर के सुपर कॉरिडोर पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। एक बाइक अनियंत्रित होकर ब्रिज की रेलिंग से जा टकराई, जिससे बाइक चला रही युवती करीब 35 फीट नीचे गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसा शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे लवकुश चौराहे के पास हुआ। मंदसौर निवासी 25 वर्षीय अकरम अपनी दोस्त पायल झावा के साथ बाइक पर घूमने निकला था। उनके साथ वैष्णवी और आदित्य भी दूसरी बाइक से मौजूद थे। चारों पहले विजयनगर क्षेत्र गए और इसके बाद सुपर कॉरिडोर पहुंचे, जहां कुछ देर फोटोग्राफी करने के बाद लौट रहे थे।
इसी दौरान लवकुश चौराहे के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर ब्रिज की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रही पायल उछलकर करीब 35 फीट नीचे जा गिरी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अकरम गंभीर रूप से घायल होकर दूर जा गिरा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन शनिवार को उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक की रफ्तार काफी ज्यादा थी, जो हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
खबरें और भी
पुलिस जांच में पता चला है कि पायल मूल रूप से शाजापुर जिले के कालापीपल की रहने वाली थी और इंदौर के भमौरी क्षेत्र में किराये से रहती थी। वहीं अकरम मंदसौर का निवासी था। दोनों एक बीपीओ कंपनी में काम करते थे।
यह भी पढ़ें- मरीज को पैथोलॉजी लैब भेज मांग रहे थे 50 प्रतिशत कमीशन, बड़वानी में तीन सरकारी डॉक्टरों को लोकायुक्त ने दबोचा
प्रत्यक्षदर्शी वैष्णवी ने पुलिस को बताया कि बाइक पायल चला रही थी और दोनों उनकी बाइक से आगे निकल गए थे। कुछ देर बाद अचानक हादसा हो गया। जब वे मौके पर पहुंचे तो बाइक करीब 100 फीट दूर तक घिसटती हुई मिली, जबकि दोनों सड़क पर पड़े थे। अकरम बोलने की स्थिति में भी नहीं था। राह से गुजर रहे ट्रक चालकों की मदद से उसे पानी पिलाया गया और फिर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।