खंडवा छात्रावास में खाने में निकली इल्ली, थालियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र; भोजन की गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल
खंडवा के एक सरकारी छात्रावास में छात्रों को दोपहर के भोजन में इल्ली मिली, जिसके बाद 30 से अधिक छात्र भोजन की थालियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प ...और पढ़ें

छात्रों के खाने में निकली इल्ली।
HighLights
खंडवा छात्रावास के भोजन में मिली इल्ली।
नाराज छात्र थालियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे।
डिजिटल डेस्क, खंडवा। प्रदेश के खंडवा जिले में सरकारी छात्रावासों में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लाल चौकी स्थित सीनियर संयुक्त परियोजना बालक छात्रावास में शुक्रवार को दोपहर के भोजन में इल्ली मिलने से छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज 30 से अधिक छात्र भोजन की थालियां हाथ में लेकर पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
लंबे समय से घटिया भोजन मिलने का आरोप
छात्रों का कहना है कि छात्रावास में लंबे समय से घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है। कई बार खाने में कीड़े और इल्लियां मिलने की शिकायत छात्रावास प्रबंधन से की गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार को भोजन में फिर इल्ली मिलने के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
छात्रों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि भोजन की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा छात्रावास में स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों ने छात्रों की शिकायत सुनने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें- वाट्सएप मैसेज को माना 'मृत्युपूर्व कथन', इंदौर हाईकोर्ट ने तीन आरोपितों की जमानत ठुकराई
कन्या छात्रावास में बिगड़ी थी छात्राओं की तबीयत
गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले ही जिले के अवलिया कन्या छात्रावास में कच्चा चावल खाने के बाद करीब 25 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सरकारी छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।