Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खंडवा रेलवे पार्सल कार्यालय का कारनामा: भोपाल भेजनी थी बाइक, पहुंचा दी पंजाब; यात्री ने लगाया दुर्व्यवहार व लापरवाही का आरोप

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 03:21 PM (GMT+05:30)

    एक यात्री ने खंडवा रेलवे पार्सल कार्यालय पर दुर्व्यवहार और लापरवाही का आरोप लगाया है। उसकी मोटरसाइकिल भोपाल भेजने के बजाय पंजाब भेज दी गई, जिसके बाद उ ...और पढ़ें

    खंडवा में बाइक की पार्सल बुकिंग।

    खंडवा में बाइक की पार्सल बुकिंग।

    HighLights

    1. यात्री की मोटरसाइकिल भोपाल के बजाय पंजाब भेजी गई।

    2. पार्सल सेवा कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार और लापरवाही का आरोप।

    3. रेलवे अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग।

    डिजिटल डेस्क, इंदौर। खंडवा रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर एक यात्री ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यात्री का आरोप है कि पार्सल बुकिंग के दौरान उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया, दबाव बनाकर लिखित घोषणा (डिक्लेरेशन) लिखवाई गई और अंततः भोपाल भेजी जाने वाली उसकी मोटरसाइकिल गलती से पंजाब भेज दी गई। मामले को लेकर यात्री ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग की है।

    बीमा नहीं होने पर बुकिंग से किया इंकार

    यात्री के मुताबिक, 28 जून की रात करीब तीन से पांच बजे के बीच वह अपनी नौ वर्षीय बेटी के साथ खंडवा स्टेशन पहुंचा था, जहां उसे भोपाल के लिए अपनी मोटरसाइकिल पार्सल करानी थी। उसका आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी ने वाहन की आरसी, पहचान पत्र और बीमा दस्तावेज मांगे। बीमा नहीं होने पर पार्सल बुकिंग से इंकार कर दिया गया, जबकि उसने पहले बिना बीमा के हुई बुकिंग की रसीद भी दिखाई थी।

    'रेलवे जिम्मेदार नहीं होगा' लिखवाने का आरोप

    यात्री का दावा है कि बाद में उससे एक लिखित घोषणा लिखवाई गई, जिसमें यह उल्लेख कराया गया कि यदि एक माह तक मोटरसाइकिल गंतव्य तक नहीं पहुंचती या उसे कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी रेलवे या उसके कर्मचारियों की नहीं होगी और वह इस संबंध में कोई शिकायत भी नहीं करेगा।

    दो बार करानी पड़ी पैकिंग, छूट गई ट्रेन

    यात्री ने आरोप लगाया कि पहले उससे स्वयं मोटरसाइकिल की पैकिंग करवाई गई, लेकिन बाद में उसे अमान्य बताते हुए निजी श्रमिक से दोबारा पैकिंग कराई गई। इसके लिए उससे 340 रुपये ऑनलाइन जमा करवाए गए।

    खबरें और भी

    बुकिंग प्रक्रिया में हुई देरी के कारण उसकी पंजाब मेल ट्रेन भी छूट गई। इसके बाद उसे अपनी बेटी के साथ पहले ट्रेन से इटारसी और फिर बस के जरिए भोपाल पहुंचना पड़ा, जिससे अतिरिक्त खर्च और असुविधा का सामना करना पड़ा।

    भोपाल की जगह पंजाब पहुंची बाइक

    यात्री के अनुसार, उसकी मोटरसाइकिल पीआरआर नंबर 4002815505 के तहत बुक हुई थी। रेलवे के एसएमएस में वाहन को ट्रेन नंबर 11057 से भेजे जाने की सूचना मिली, लेकिन बाद में खंडवा और भोपाल पार्सल कार्यालय से पता चला कि मोटरसाइकिल भोपाल के बजाय पंजाब पहुंच गई है।

    उसका कहना है कि उसकी आजीविका मोटरसाइकिल पर निर्भर है, इसलिए वाहन समय पर नहीं मिलने से आर्थिक नुकसान भी हो रहा है।

    यह भी पढ़ें- महू के बंडा बस्ती दोहरे हत्याकांड में दो महिलाओं सहित 18 को दोहरा आजीवन कारावास, सात साल बाद आया फैसला

    सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग

    यात्री का दावा है कि पूरी घटना पार्सल कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उसने पश्चिम मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड, रेल मंत्रालय और रेल मदद सहित संबंधित अधिकारियों को ई-मेल और ऑनलाइन शिकायत भेजकर 28 जून की रात तीन से पांच बजे के बीच की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, संबंधित कर्मचारियों की निष्पक्ष जांच कराने, हुए आर्थिक एवं मानसिक नुकसान का मुआवजा दिलाने और मोटरसाइकिल को तत्काल सही गंतव्य तक पहुंचाने की मांग की है।