खरगोन में कारोबारी के घर गोलीबारी कर मांगी 10 करोड़ की रंगदारी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 12 गुर्गे गिरफ्तार
खरगोन में बायो कॉटन व्यवसायी दिलीप राठौड़ के घर फायरिंग कर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े 12 आरोप ...और पढ़ें

खरगोन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जानकारी देते पुलिस अधिकारी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। खरगोन जिले में बायो कॉटन व्यवसायी के घर फायरिंग कर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क के कुछ अहम सदस्य अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
16 मार्च को हुई थी गोलीबारी
पुलिस के अनुसार, कसरावद थाना क्षेत्र में 16 मार्च को दिलीप राठौड़ के घर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी। इसके बाद विदेशी नंबर से कॉल कर खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताते हुए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और जान से मारने की धमकी दी गई थी। आरोपितों ने घटना का वीडियो बनाकर भी भेजा था।
उज्जैन समेत आसपास के जिलों से गिरफ्तारियां
एसपी रवींद्र वर्मा ने प्रेसवार्ता में बताया कि मामले की जांच में सबसे पहले उज्जैन निवासी अमित बडगोत्या को हिरासत में लिया गया, जिसने पूरी साजिश का खुलासा किया। इसके आधार पर खरगोन, उज्जैन, देवास और धार जिलों के कुल 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 10 आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
ये सामान बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार पिस्टल, 10 कारतूस, तीन कारें और दो बाइक जब्त की हैं। वहीं, गैंग का सदस्य राजपाल चंद्रावत उज्जैन में आत्मसमर्पण कर चुका है। इस मामले में एक आरोपित पहले से देवास जेल में बंद है, जबकि छह अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
खबरें और भी
बताया जा रहा है कि राजपाल चंद्रावत ने वीडियो जारी कर खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए फायरिंग करवाने की बात स्वीकार की थी।
फरियादी ने उठाए पुलिस कार्रवाई पर सवाल
इधर, फरियादी दिलीप राठौड़ ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा है कि गिरफ्तार आरोपितों से उनका कोई संबंध नहीं है और असली साजिशकर्ता अब भी पकड़ से दूर हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।