उज्जैन के कॉलेज कैंपस में खौफ की साजिश : दीवार पर ‘तुम सब मरोगे’ लिखकर फैलाया डर, तंत्र क्रिया के भी संकेत मिले
उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कृषि परिसर में 'तुम सब मरोगे' का धमकी भरा संदेश दीवार पर लिखा मिला, जिससे छात्रों और स्टाफ में दहशत फैल ...और पढ़ें

सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कैंपस में दहशत फैलाने की कोशिश।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। उज्जैन में स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कृषि अध्ययनशाला परिसर में दहशत फैलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नई बिल्डिंग के मुख्य द्वार पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ‘तुम सब मरोगे’ लिखकर छात्रों और स्टाफ के बीच भय का माहौल बनाने की कोशिश की।
घटना स्थल से मटकी, लाल कपड़ा और कुंकू जैसी संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई है, जिससे तांत्रिक क्रिया किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद परिसर में पढ़ने वाले करीब 1100 छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों के बीच डर का माहौल बन गया।
चौकीदार की नजर से खुला मामला
सोमवार सुबह चौकीदार आशीष बोरिंग चालू करने पहुंचा, तभी उसकी नजर मुख्य गेट पर लिखे धमकी भरे संदेश और रखी संदिग्ध वस्तुओं पर पड़ी। अजीब प्रतीकों और सामग्री को देखकर उसने तुरंत विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति का निरीक्षण कर तत्काल सुरक्षा उपाय शुरू किए।
विवि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय हो गया। मौके से सभी संदिग्ध सामग्री हटवाई गई और दीवार पर लिखे गए शब्दों को मिटाकर पुताई कराई गई, ताकि छात्रों में फैले डर को कम किया जा सके। विभागाध्यक्ष ने इसे असामाजिक तत्वों की हरकत बताते हुए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।
खबरें और भी
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से आरोपियों की पहचान में मुश्किल आ रही है। हाल ही में शुरू हुई इस नई बिल्डिंग में कक्षाएं संचालित हो रही हैं, ऐसे में छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कर्ज के जाल ने बनाया किडनैपर, ई-कॉमर्स कर्मचारी निकली मास्टरमाइंड, पुलिस की सूझबूझ से दो मासूम सुरक्षित
जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।