विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जबलपुर में राजस्व निरीक्षक को 80000 रुपये रिश्वत लेते लोकायुक्त ने दबोचा, सीमांकन कार्य के लिए मांगी थी एक लाख घूस

Updated: Tue, 02 Jun 2026 03:20 PM (IST)

जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने शाहपुरा तहसील के राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जमीन के सीमांकन कार्य के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने की शिकायत पर की गई।

लोकायुक्त टीम की गिरफ्त में आरोपित राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी (लाल घेरे में)

लोकायुक्त टीम की गिरफ्त में आरोपित राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी (लाल घेरे में)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुरा तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपित सीमांकन कार्य कराने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार संगम कॉलोनी उखरी निवासी रोहित जैन ने लोकायुक्त एसपी कार्यालय, जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें उन्होंने बताया कि उनके एक व्यापारी मित्र द्वारा ग्राम कुलोन, तहसील शाहपुरा में खरीदी गई जमीन के सीमांकन के लिए राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी एक लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपित 80 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद लोकायुक्त जबलपुर ने योजना बनाकर मंगलवार को रतन कॉलोनी, कटंगा क्षेत्र में ट्रैप कार्रवाई की। निर्धारित स्थान पर जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपित के हाथ में 80 हजार रुपये थमाए, लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

आरोपित की पहचान करण सिंह लोधी (56) निवासी शाहपुरा तहसील कार्यालय, जिला जबलपुर के राजस्व निरीक्षक के रूप में हुई है। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह भी पढ़ें- नरसिंहपुर में लोकायुक्त ने पटवारी को 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, नामांतरण के एवज में मांगी थी घूस