विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नरसिंहपुर में लोकायुक्त ने पटवारी को 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, नामांतरण के एवज में मांगी थी घूस

Updated: Mon, 01 Jun 2026 03:40 PM (IST)

जबलपुर लोकायुक्त ने नरसिंहपुर के गोटेगांव में एक पटवारी घनश्याम गढ़वाल को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जमीन के नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर की गई, जिसमें पटवारी को उसके निजी कार्यालय से पकड़ा गया।

लोकायुक्त टीम की गिरफ्त में पटवारी।

लोकायुक्त टीम की गिरफ्त में पटवारी।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच जबलपुर लोकायुक्त ने नरसिंहपुर जिले में राजस्व विभाग के एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। गोटेगांव तहसील में पदस्थ पटवारी घनश्याम गढ़वाल को जमीन के नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

यह है मामला

लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, गोटेगांव तहसील के पड़रिया निवासी संदीप कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मां ममता देवी ने ग्राम मुआर में सात एकड़ कृषि भूमि खरीदी थी। इस जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित हल्का क्षेत्र के पटवारी घनश्याम गढ़वाल द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने ट्रैप की रणनीति तैयार की। बातचीत के दौरान आरोपित पटवारी 10 हजार की मांग से घटकर 5 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया।

निजी कार्यालय में दबोचा

सोमवार को लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए गोटेगांव स्थित महिंद्रा शोरूम के पास संचालित आरोपित के निजी कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी को 5 हजार रुपये दिए, टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगेहाथ दबोच लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है। इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक जितेंद्र यादव समेत जबलपुर लोकायुक्त की विशेष टीम शामिल रही।

यह भी पढ़ें- शहडोल में हृदयविदारक घटना : मां ने तीन मासूम बेटियों संग निगला जहर, चारों की मौत