विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंडला में दर्दनाक हादसा : बेटियों को बचाने नर्मदा में कूदे आरक्षक की डूबने से मौत

Updated: Mon, 04 May 2026 05:03 PM (IST)

मंडला के मोहगांव में नर्मदा नदी में अपनी बेटियों को डूबने से बचाते हुए एक आरक्षक की जान चली गई। आरक्षक शिव कुमार परस्ते ने बेटियों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई, लेकिन खुद तेज बहाव में बह गए; स्थानीय लोगों ने बेटियों को बचाया।

डूबने से मौत (प्रतीकात्मक चित्र)

डूबने से मौत (प्रतीकात्मक चित्र)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मंडला जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। नर्मदा बुढ़नेर के देवगांव संगम पर स्नान के दौरान अपनी बेटियों को बचाने के लिए नदी में कूदे आरक्षक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय शिव कुमार परस्ते, निवासी ग्राम पखवार (मवई विकासखंड) के रूप में हुई है।

बच्चियों को बचाते हुए गई जान

पुलिस के अनुसार, आरक्षक शिव कुमार परस्ते रविवार सुबह अपनी पत्नी और चार बच्चों (तीन बेटियां और एक बेटा) के साथ देवगांव संगम पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी दो बेटियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। बेटियों को बचाने के लिए आरक्षक बिना देर किए नदी में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव और गहराई के चलते खुद ही पानी में समा गए।

स्थानीय लोगों ने बच्चियों को बचाया 

घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और दोनों बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, आरक्षक गहरे पानी में चले जाने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।

सर्च ऑपरेशन के बाद मिला शव

सूचना मिलते ही मोहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आरक्षक का शव बरामद कर लिया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

यह भी पढ़ें- क्रूज हादसा : रेस्क्यू टीम नदारद, नाम की लाइफ जैकेट और सिस्टम फेल... बरगी में हो रही थी सुरक्षा नियमों की खुली अनदेखी

गांव में अंतिम संस्कार 

पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम पखवार ले जाया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। डीएसपी सतीश चतुर्वेदी और थाना प्रभारी वेदराम हनौते सहित पुलिस अधिकारी और स्टाफ अंतिम विदाई में शामिल होने गांव पहुंचे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है और अन्य सहायता भी नियमानुसार दी जाएगी।