मंडला में वन विभाग का क्लर्क निकला करोड़पति, EOW के छापे में मिली ढाई करोड़ की संपत्ति
जबलपुर ईओडब्ल्यू ने मंडला के वन विभाग क्लर्क श्वेतांक चौरसिया के घर छापा मारा, जहां प्रारंभिक जांच में 2.48 करोड़ ...और पढ़ें

क्लर्क के आवास पर दस्तावेज व संपत्ति की जांच करती ईओडब्ल्यू की टीम। (इनसेट- आरोपित श्वेतांक चौरसिया)
HighLights
EOW ने मंडला के वन विभाग क्लर्क के घर छापा मारा।
प्रारंभिक जांच में 2.48 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति मिली।
श्वेतांक चौरसिया के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज, जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, मंडला। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर ने बुधवार सुबह पश्चिम वनमंडल मंडला की मुख्य शाखा में पदस्थ ग्रेड-तीन एलडीसी श्वेतांक चौरसिया के इंदिरा वार्ड नंबर-दो स्थित आवास पर छापा मारा। प्रारंभिक जांच में क्लर्क और उसके स्वजन के नाम पर करीब 2.48 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति मिली है। ईओडब्ल्यू ने श्वेतांक चौरसिया के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
दो टीमों ने मारा छापा
ईओडब्ल्यू को शिकायत मिली थी कि श्वेतांक चौरसिया ने कथित तौर पर भ्रष्टाचार के जरिए अपनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। शिकायत की जांच के बाद बुधवार सुबह करीब छह बजे ईओडब्ल्यू की दो टीमें उसके आवास पर पहुंचीं और तलाशी शुरू की।
टीमों ने मकान के साथ दस्तावेज, नकदी, आभूषण, घरेलू सामान, वाहन और अन्य चल-अचल संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। बैंक खातों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- 2 हजार की रिश्वत पर 5 साल जेल, 20 हजार का जुर्माना... 9 साल पुराने मामले में सीधी के पंचायत सचिव को सजा; नौकरी भी गई
ये संपत्ति मिली
मंडला स्थित आरोपित क्लर्क के आवास की कीमत डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पांच लाख रुपये नकद, करीब 25 लाख रुपये कीमत का घरेलू सामान, 85 ग्राम सोने के आभूषण और 2.8 किलोग्राम चांदी के आभूषण मिले हैं। करीब 51.50 लाख रुपये की एक दुकान भी है। करीब आठ लाख रुपये कीमत का एक चार पहिया वाहन और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की दो मोटरसाइकिलें भी मिली हैं।
20 साल की नौकरी, आय करीब 50 लाख
श्वेतांक चौरसिया को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। करीब 20 साल की नौकरी में वैध आय लगभग 50 लाख रुपये के आसपास होनी चाहिए। आरोपित और उसके स्वजन के नाम से विभिन्न बैंकों में पांच खाते संचालित होने की जानकारी भी मिली है। इन खातों में जमा राशि का विवरण जुटाया जा रहा है। अभी लॉकर खुलना बाकी है, जिससे संपत्ति का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है।
