तेज रफ्तार का कहर : जबलपुर-दमोह हाईवे पर ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार की दर्दनाक मौत, पहिए में फंसकर घिसटता रहा युवक
जबलपुर-दमोह नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को जब्त किया। मृतक की शिनाख्त नहीं।

सड़क हादसे में युवक की मौत (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जबलपुर-दमोह नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। पाटन क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक मोपेड से उछलकर गिरा और ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया। वह कुछ दूरी तक ट्रक के साथ सड़क पर घिसटता चला गया। उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
टक्कर मारने के बाद नहीं रुका ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक बुधवार को सुबह 10:00 बजे पाटन से गुजर रहा था। ट्रक की गति काफी अधिक थी। इसी दौरान ट्रक ने एक मोपेड सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ने ट्रक नहीं रोका और भागने की कोशिश की, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
पुलिस ने ट्रक को जब्त किया
वाहन टकराने की आवाज सुनकर और युवक को ट्रक के पहिये में फंसा देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया और पीछा करते हुए ट्रक को घेरकर रुकवाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया।
यह भी पढ़ें- 'ओला-उबर दो मिनट में पहुंच जाती हैं, तो एंबुलेंस क्यों नहीं?' हाईवे पर अवैध कट-प्वाइंट्स को लेकर हाईकोर्ट सख्त
मृतक की शिनाख्त नहीं
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मोपेड के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर युवक और उसके परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
