27% OBC आरक्षण पर MP हाई कोर्ट में फिर गरमाई बहस, 50% की सीमा से लेकर EWS तक उठे बड़े सवाल
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में 27% ओबीसी आरक्षण मामले पर 13वें दिन सुनवाई हुई, जिसमें ओबीसी पक्ष ने सरकार के आरक्षण आधार और पहचान प्रक्रिया पर सवाल उठाए। 5 ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
27% ओबीसी आरक्षण पर हाई कोर्ट में 13वें दिन सुनवाई जारी।
ओबीसी पक्ष ने 50% आरक्षण सीमा और EWS पर सवाल उठाए।
प्रदेश में 51% ओबीसी आबादी का हवाला दिया गया।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण से जुड़े मामले में सोमवार को हाई कोर्ट में 13वें दिन सुनवाई हुई। प्रशासनिक न्यायाधीश आनंद पाठक व न्यायमूर्ति विनय सराफ की विशेष युगलपीठ के समक्ष ओबीसी पक्ष ने सरकार की ओर से आरक्षण लागू करने के आधार और ओबीसी की पहचान तय करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
वरिष्ठ अधिवक्ता शशांक रत्नू और पी विल्सन की बहस पूरी होने के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता रामेश्वर सिंह ठाकुर ने पक्ष रखा। उनकी बहस पूरी नहीं हो सकी। अब मंगलवार को दोपहर 2.30 बजे फिर सुनवाई होगी।
50% आरक्षण सीमा को लेकर ओबीसी पक्ष की दलील
वरिष्ठ अधिवक्ता ठाकुर ने दलील दी कि जुलाई 2019 से पहले प्रदेश में कुल आरक्षण 50 प्रतिशत था। दो जुलाई 2019 को 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू किया गया और 14 अगस्त 2019 को ओबीसी आरक्षण 14 से बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया गया। उनका कहना था कि 50 प्रतिशत की सीमा टूटने के लिए ओबीसी आरक्षण को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
51 प्रतिशत ओबीसी आबादी का हवाला
ओबीसी पक्ष ने सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए प्रदेश में ओबीसी आबादी करीब 51 प्रतिशत, एससी 15.6 और एसटी 21.14 प्रतिशत बताई। तीनों वर्गों की कुल आबादी 87.7 प्रतिशत बताई गई। दलील दी गई कि आठ लाख रुपये आय वाला ओबीसी व्यक्ति क्रीमी लेयर के कारण आरक्षण से बाहर हो जाता है, जबकि समान आय वाले सामान्य वर्ग के व्यक्ति को ईडब्ल्यूएस के दायरे में रखा जाता है। ईडब्ल्यूएस लागू करने की प्रक्रिया और डेटा पर भी सवाल उठाए गए।
यह भी पढ़ें- विवादित वसीयत के आधार पर नामांतरण नहीं कर सकते राजस्व अधिकारी, MP हाई कोर्ट ने सुनाया अहम फैसला
महाजन आयोग की रिपोर्ट का भी उल्लेख
ओबीसी की पहचान के लिए महाजन आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया कि इसमें मध्य प्रदेश की 92 ओबीसी जातियों की पहचान के आधार बताए गए हैं। मंगलवार को क्वांटिफायबल डेटा, इंदिरा साहनी फैसले तथा संविधान के अनुच्छेद 15(6) और 16(6) पर बहस जारी रहेगी।