Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दुष्कर्म के बाद मासूम की हत्या से दहला नरसिंहपुर, स्निफर डॉग ने पहुंचाया आरोपित तक; ग्रामीणों ने की फांसी व बुलडोजर कार्रवाई की मांग

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 05:21 PM (IST)

    मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के बाद 22 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। ग्रामीणों ने आरोपित को फांसी देने, ...और पढ़ें

    दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या ।प्रतीकात्मक चित्र)

    दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या ।प्रतीकात्मक चित्र)

    HighLights

    1. नरसिंहपुर में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या।

    2. स्निफर डॉग की मदद से 22 वर्षीय आरोपित गिरफ्तार।

    3. ग्रामीणों ने फांसी, बुलडोजर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की।

    डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने आरोपित को फांसी देने, उसका मकान बुलडोजर से ध्वस्त करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की बात कही है।

    स्कूल से बहाने से ले गया, फिर जंगल में मिला शव

    पुलिस के अनुसार आरोपित बुधवार को लंच ब्रेक के दौरान बच्ची के स्कूल पहुंचा और यह कहकर उसे अपने साथ ले गया कि उसके पिता ने घर बुलाया है। स्कूल की छुट्टी के बाद जब बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की सूचना दी।

    करीब आठ घंटे तक चले संयुक्त सर्च अभियान के बाद बच्ची का शव गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में एक गड्ढे से बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

    तलाशी अभियान में शामिल होकर करता रहा गुमराह

    नरसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने बताया कि बच्ची की तलाश में लगभग 40-50 पुलिसकर्मी और 60 ग्रामीण जुटे थे। इस दौरान आरोपित युवक भी लोगों के साथ बच्ची को खोजने का नाटक करता रहा ताकि किसी को उस पर संदेह न हो।

    खबरें और भी

    हालांकि कुछ स्कूली छात्राओं से मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने स्निफर डॉग की मदद ली। डॉग स्क्वॉड सीधे आरोपित के घर तक पहुंचा, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

    यह भी पढ़ें- नरसिंहपुर में तीसरी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या, आधी रात को जंगल में मिला शव; पड़ोसी युवक गिरफ्तार

    ग्रामीणों का प्रदर्शन, बुलडोजर कार्रवाई और फांसी की मांग

    घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपित को फांसी की सजा देने, उसका मकान बुलडोजर से गिराने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।

    कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बच्ची के शव को वैकल्पिक मार्ग से गांव पहुंचाया। वहीं पूरे गांव में बाजार बंद रहा और ग्रामीणों ने घटना के विरोध में कैंडल मार्च निकालकर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

    गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

    स्थानीय लोगों में व्याप्त आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और अभियोजन पक्ष फास्ट ट्रैक कोर्ट में शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित करेगा।