पांढुर्णा सिविल अस्पताल में घायल एक घंटा तड़पता रहा, डॉक्टर गायब; बाद में आने पर पूछा तो बोले- 'हम किसी के बाप के नौकर नहीं'
पांढुर्णा सिविल अस्पताल में एक घायल युवक को समय पर इलाज नहीं मिला। ड्यूटी डॉक्टर अभिजीत गजभिए की अनुपस्थिति और देर से आने पर उनके और घायल के साथियों क ...और पढ़ें

पांढुर्णा अस्पताल में डॉक्टर ने मरीज के परिजन से की बदसलूकी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। पांढुर्णा के सिविल अस्पताल की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को समय पर इलाज नहीं मिलने से परिजन उसे नागपुर ले जाने को मजबूर हो गए। इस दौरान ड्यूटी डॉक्टर और घायल के साथियों के बीच तीखी बहस हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार सिवनी निवासी सागर देशमुख बाइक से सौंसर की ओर जा रहे थे। रास्ते में सड़क पर बने गड्ढे से बाइक उछलने के कारण वह गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका एक हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।
घटना के बाद सागर ने अपने मित्र प्रशांत महुरकर और आकाश खन्ना को फोन कर मदद के लिए बुलाया। दोनों उन्हें लेकर शाम करीब छह बजे पांढुर्णा के सिविल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने बताया कि ड्यूटी पर डॉक्टर अभिजीत गजभिए हैं, जो पहली मंजिल पर मौजूद हैं।
करीब एक घंटे तक नहीं पहुंचे डॉक्टर
घायल की हालत बिगड़ती देख परिजन और मित्र लगातार डॉक्टर को बुलाने का आग्रह करते रहे, लेकिन आरोप है कि करीब एक घंटे तक डॉक्टर अस्पताल में नजर नहीं आए। इलाज में हो रही देरी से परेशान होकर प्रशांत महुरकर ने अपने वाहन से सागर को नागपुर ले जाने का निर्णय लिया।
खबरें और भी
इसी दौरान जब डॉक्टर अस्पताल पहुंचे तो घायल के साथियों ने उनसे ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने को लेकर सवाल किए। इस पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान डॉक्टर ने गुस्से में कह दिया, “हम किसी के बाप के नौकर नहीं हैं।”
यह भी पढ़ें- दमोह में नाबालिग की सरेराह नृशंस हत्या, साइको किलर ने हथौड़े से कुचला सिर, खून पीकर खाया मांस, Video वायरल
वीडियो वायरल, लोगों में आक्रोश
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं और डॉक्टर के व्यवहार को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब अस्पताल में मरीजों की जान दांव पर लगी हो, तब इस तरह की लापरवाही और असंवेदनशीलता गंभीर सवाल खड़े करती है।