सतना में पति से झगड़े के बाद महिला का खौफनाक कदम; परिवार के भोजन में मिलाया जहर, बड़े बेटे की मौत, तीन गंभीर
बांधा गांव में एक महिला ने पारिवारिक विवाद के बाद खाने में कथित तौर पर जहर मिला दिया। इस घटना में बड़े बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला, पति और छोटा बेटा ...और पढ़ें

जहर खाने से मौत (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के ग्राम बांधा में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर खाने में जहर मिला दिया, जिसे उसने खुद भी खाया और अपने पति व दोनों बच्चों को भी खिला दिया। इस घटना में एक बेटे की मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार बांधा गांव निवासी कुंदन शर्मा अपनी पत्नी ज्योति शर्मा और दो बच्चों के साथ रहता है। सोमवार शाम करीब सात बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद महिला ने कथित रूप से खाने में जहर मिला दिया और उसे बच्चों को खिलाने के साथ खुद भी खा लिया। बाद में पति कुंदन शर्मा ने भी वही भोजन कर लिया।
छोटे बच्चे से मिली पड़ोसियों को जानकारी
कुछ देर बाद परिवार के सभी लोग अचेत हो गए। इसी बीच तीन वर्षीय अभिषेक शर्मा किसी तरह रोते हुए घर से बाहर निकला, जिसके जरिए पड़ोसियों को घर में उसके परिजनों की हालत खराब होने की जानकारी मिली। यह जानने के बाद पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे तो कुंदन शर्मा, उनकी पत्नी ज्योति, बड़ा बेटा आकाश शर्मा बेहोशी की हालत में पड़े मिले।
यह भी पढ़ें- नरसिंहपुर में सनसनीखेज वारदात, घर के भीतर मिले बुजुर्ग दंपती के शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका
ग्रामीणों और स्वजनों की मदद से सभी को तुरंत उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान बड़े बेटे आकाश शर्मा की मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी और छोटा बेटा गंभीर स्थिति में भर्ती हैं।
खबरें और भी
परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी निजी विवाद के चलते यह कदम उठाया गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।