सिवनी में बेकाबू 'तूफान' वाहन दीवार तोड़कर घर में घुसा, तीन मजदूरों की मौत; जबलपुर-नागपुर हाईवे पर हुआ हादसा
सिवनी में जबलपुर-नागपुर हाईवे पर एक ओवरलोड तूफान वाहन मकान में जा घुसा, जिससे तीन मजदूरों की मौत हो गई और कई घायल हुए। चालक को झपकी आने और क्षमता से अ ...और पढ़ें

दीवार तोड़कर घर में घुसा तूफान वाहन
HighLights
सिवनी में ओवरलोड तूफान वाहन मकान में घुसा।
जबलपुर-नागपुर हाईवे पर तीन मजदूरों की मौत।
चालक को झपकी आने से हुआ भीषण हादसा।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मजदूरों को लेकर केरल जा रही एक ओवरलोड तूफान (गामा) गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बने मकान में जा घुसी। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।
चालक को आई झपकी, खोया नियंत्रण
यह दुर्घटना कुरई थाना क्षेत्र के पचधार हाईवे के पास सुबह करीब चार बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक को चलते समय नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण गाड़ी नियंत्रण खो बैठी। तेज रफ्तार वाहन अपनी लेन छोड़कर फोरलेन सड़क पार करते हुए दूसरी ओर पहुंच गया और एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया।
जानकारी के अनुसार, मंडला और डिंडोरी जिलों के मजदूर रोजगार के लिए केरल जा रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इसमें 12 पुरुष, 12 महिलाएं और पांच बच्चे सहित कुल 29 यात्री मौजूद थे। हादसे के समय वाहन में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बाल-बाल बचा परिवार
गनीमत यह रही कि जिस मकान में वाहन घुसा, वहां रहने वाले परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एफआरवी टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। घायलों को कुरई अस्पताल और सिवनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- विधायक निर्मला सप्रे दल-बदल विवाद में कांग्रेस को झटका, हाई कोर्ट ने खारिज की याचिका; स्पीकर को निर्देश देने से इंकार
घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
बरघाट एसडीओपी ललित गठरे के अनुसार, एक मजदूर की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कई घायलों का इलाज जारी है, हालांकि अधिकांश की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक को आई नींद की झपकी और वाहन में क्षमता से अधिक यात्रियों के बैठने को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।