शहडोल के शासकीय स्कूल में 'पतली कमरिया' की धुन पर छात्राओं संग शिक्षिका ने लगाए ठुमके, बनाई रील, Video वायरल
शहडोल के सोहागपुर स्थित माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक शिक्षिका छात्राओं के साथ कक्षा में भोजपुरी गीत 'पतली ...और पढ़ें

शासकीय कन्या स्कूल परिसर में छात्राओं ने शिक्षिका संग बनाई रील, शिक्षिका को मेंहदी भी लगाई। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
शिक्षिका ने छात्राओं संग 'पतली कमरिया' पर डांस किया।
वीडियो वायरल होने से शैक्षणिक अनुशासन पर सवाल उठे।
परिसर पहले ही छात्राओं के लापता होने से चर्चाओं में था।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। शहडोल जिले के सोहागपुर स्थित माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, कंचनपुर से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने शैक्षणिक माहौल और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक महिला शिक्षिका स्कूल यूनिफॉर्म पहने छात्राओं के साथ कक्षा के भीतर भोजपुरी गीत “पतली कमरिया मोरी हाय-हाय” पर डांस करती नजर आ रही हैं।
कक्षा में मनोरंजन, शिक्षा पर सवाल
वीडियो में छात्राएं कक्षा के अंदर स्कूल ड्रेस में दिखाई दे रही हैं। शिक्षण संस्थान के भीतर इस तरह की गतिविधि सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस तरह के कृत्य से न सिर्फ स्कूल की गरिमा प्रभावित होती है, बल्कि छात्राओं में अनुशासन और शिक्षा के प्रति गंभीरता भी कमजोर पड़ती है।
पहले से विवादों में घिरा है शिक्षा परिसर
गौरतलब है कि यही शिक्षा परिसर पहले से ही विवादों में है। बीते एक महीने के भीतर यहां से दो छात्राएं लापता हो चुकी हैं। 28 दिसंबर को 12वीं कक्षा की एक छात्रा छात्रावास से घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची। इस मामले में तत्कालीन छात्रावास अधीक्षिका सुलोचना बट्टे की शिकायत पर सोहागपुर थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
इसके बाद 8 जनवरी को 10वीं कक्षा की एक अन्य छात्रा भी लापता हो गई, जिस पर प्राचार्य देवेंद्र श्रीवास्तव की शिकायत के बाद अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज किया गया।
अभिभावकों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
लगातार छात्राओं के लापता होने की घटनाओं के चलते पहले ही शिक्षा परिसर की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे थे। अब शिक्षिका का यह वीडियो सामने आने से मामला और संवेदनशील हो गया है। अभिभावक और सामाजिक संगठनों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खबरें और भी
विभाग ने जांच के दिए संकेत
इस संबंध में सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा ने बताया कि संभव है छात्राएं 26 जनवरी के कार्यक्रम की तैयारी कर रही हों और वीडियो उसी दौरान का हो। हालांकि, मामला विभाग के संज्ञान में आ गया है और इसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।