Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शहडोल में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी मोड़, चाचा-भतीजे पर चढ़ाया ट्रैक्टर; चाचा की मौत, भतीजा गंभीर

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 05:01 PM (IST)

    शहडोल जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते चाचा-भतीजे को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया। इस घटना में चाचा की मौत हो गई और भतीजा गंभीर रूप ...और पढ़ें

    वारदात के बाद गांव में पुलिस बल तैनात।

    वारदात के बाद गांव में पुलिस बल तैनात।

    HighLights

    1. पुरानी रंजिश में चाचा-भतीजे को ट्रैक्टर से कुचला गया।

    2. चाचा रामप्रताप कोरी की मौत, भतीजा गंभीर रूप से घायल।

    3. हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी।

    डिजिटल डेस्क, जबलपुर। शहडोल जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हिंसा की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम धरी नंबर-01 में घर के सामने बैठे चाचा-भतीजे को दो युवकों ने ट्रैक्टर से कुचल दिया। हादसे में चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

    घर के सामने बैठे थे चाचा-भतीजा

    पुलिस के मुताबिक, गांव में कुछ समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को रामप्रताप कोरी (45) और उनके भतीजे दुर्गा कोरी घर के सामने बैठे थे। इसी दौरान आरोप है कि आकाश बैस और मयंक कोरी ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचे और दोनों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।

    ट्रैक्टर की चपेट में आने से रामप्रताप को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं दुर्गा कोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बाणसागर परियोजना चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

    घटना के बाद गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

    वारदात की सूचना मिलते ही देवलोंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। घटना के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से तनाव की स्थिति बन गई। गांव में भी ग्रामीण एकत्रित हो गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया।

    खबरें और भी

    एहतियात के तौर पर पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों की निगरानी में हालात पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

    परिजनों ने बताया सुनियोजित हमला

    मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर किया गया हमला है। परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

    यह भी पढ़ें- NEET स्कोर पर सवाल: आंसर-की से मिलान में 441 अंक का दावा, रिजल्ट में सिर्फ 145; छात्रा पहुंची हाईकोर्ट

    दोनों आरोपित फरार

    पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल के अनुसार, आकाश बैस और मयंक कोरी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटना के बाद दोनों आरोपित फरार हैं।

    पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।