Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंबई में भारी बारिश के बीच बहुमंजिला चॉल गिरने से 6 लोगों की मौत, 1 घायल

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 04:05 AM (GMT+05:30)

    मुंबई के मानखुर्द में रविवार शाम भारी बारिश के कारण एक बहुमंजिला चॉल ढह गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। ...और पढ़ें

    बहुमंजिला चॉल गिरने से 6 लोगों की मौत।

    बहुमंजिला चॉल गिरने से 6 लोगों की मौत।

    HighLights

    1. मुंबई के मानखुर्द में बहुमंजिला चॉल ढही।

    2. भारी बारिश के कारण हुआ यह दर्दनाक हादसा।

    3. हादसे में 6 लोगों की मौत, 1 व्यक्ति घायल।

    डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में रविवार शाम भारी बारिश के कारण मानखुर्द इलाके में एक बहुमंजिला चॉल के ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया है। 

    घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। इमरजेंसी टीमें मलबे में दबे लोगों को खोजने की कोशिश कर रही हैं।

    BMC के अधिकारियों के अनुसार, चार महिलाओं और एक पुरुष को नगर निगम द्वारा संचालित शताब्दी अस्पताल में मृत घोषित किया गया। एक अन्य व्यक्ति को राजावाड़ी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

    उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति का इलाज BMC द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल में किया जा रहा है।

    रात करीब 8.30 बजे हुआ हादसा

    यह घटना रात करीब 8.30 बजे जनता नगर में हनुमान मंदिर के पीछे चॉल नंबर 5 में हुई। इससे पहले, अधिकारियों ने कहा था कि घटनास्थल पर चार से पांच लोगों के फंसे होने की आशंका थी।

    तीन मंजिला इमारत के दो-तीन घर ढह गए

    अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन मंजिला इमारत के दो-तीन घर ढह गए, जिसके बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, BMC वार्ड कार्यालय और '108' एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि मलबे के नीचे और लोगों के फंसे होने का पता लगाने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी था।

    स्थानीय BJP पार्षद नवनाथ बन ने कहा कि मलबे के नीचे अभी भी एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण बचाव अभियान में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

    बारिश के कारण सोमवार को स्कूल की छुट्टी घोषित

    मुंबई में मौसम विभाग के आरेंज अलर्ट के मद्देनजर सोमवार को सभी सरकारी एवं निजी स्कूल-कालेजों में अवकाश घोषित किया गया है।

    फ्लाइट संचालन हुआ बाधित

    रातभर हुई भारी बारिश के कारण रविवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे का संचालन एक घंटे के लिए रोकना पड़ा। इससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों को प्रस्थान में औसतन 75 मिनट और आगमन में 28 मिनट की देरी का सामना करना पड़ा। 13 उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों को डायवर्ट करना पड़ा, हालांकि बाद में उन्हें मुंबई लाया गया।

    खबरें और भी

    देश की आर्थिक राजधानी के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में 200 से 300 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। मरीन ड्राइव व गेटवे आफ इंडिया के पास ऊंची लहरें देखी गईं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से आईं तस्वीरों में समुद्र का उग्र रूप दिखाई दिया, जबकि लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन प्रभावित होता रहा।

    कुर्ला में पेड़ गिरने से 63 साल के बुजुर्ग की मौत

    मुंबई के कुर्ला में एक दुकान पर पेड़ गिरने से एक 63 वर्षीय व्यक्ति यूनुस कुंडावाला की मौत हो गई। इससे पहले अंधेरी पूर्व के साकीनाका इलाके में एक 55 वर्षीय व्यक्ति असलम इसाक शेख की खुले मैनहोल में गिरकर मौत हो गई थी।

    नवी मुंबई में एक इमारत दूसरी मंजिल की बालकनी से कंक्रीट स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। भिवंडी शहर में एक 17 वर्षीय किशोर की उफनती कामवारी नदी में डूबकर मौत हो गई। उसके शव की तलाश जारी है।

    (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)