मुंबई में रोज रेज का मामला, ओवरटेक कर व्यक्ति पर किया हमला; कार की खिड़कियां भी तोड़ीं
मुंबई के बांद्रा में रोड रेज की घटना में एक फिटनेस ट्रेनर और उनकी पत्नी पर हमला किया गया, जिसमें उनकी कार के शीशे तोड़ दिए गए। ...और पढ़ें
-1786444217963_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। बांद्रा वेस्ट में एसवी रोड पर साहिल होटल के पास शनिवार आधी रात को रोड रेज में जुहू से अपने माता-पिता के साथ डिनर करके माहिम स्थित घर लौट रहे फिटनेस ट्रेनर और रणनीतिकार अर्जुन गरेवाल (39) तथा उनकी पत्नी भक्ति पर एक एसयूवी में सवार पांच हमलावरों ने हमला कर दिया।
बेसबॉल और हॉकी स्टिक से लैस हमलावरों ने पीड़ित की गाड़ी का पीछा कर रोका फिर मारपीट की और गाड़ी के शीशे तोड़ डाले।
बांद्रा पुलिस के अनुसार, यह घटना 8 अगस्त की रात लगभग 11.45 बजे की है। आरोपी अपनी XUV700 कार से गरेवाल की गाड़ी के आगे आ गए और उनका रास्ता बाधित करने लगे। हमलावरों ने पहले गरेवाल को ओवरटेक किया और फिर उनके आगे बहुत धीमी गति से गाड़ी चलाने लगे ताकि वे आगे न निकल सकें।
जब गरेवाल ने किसी तरह अपनी गाड़ी आगे निकाली, तो आरोपी चिढ़ गए। उन्होंने पीछा करके गरेवाल की कार को रोक लिया और हमला कर दिया। हमलावरों ने गरेवाल के साथ मारपीट और गाली-गलौज की और बेसबॉल व हॉकी स्टिक से कार की विंडशील्ड, पीछे का शीशा और ड्राइवर की तरफ वाली खिड़की का कांच तोड़ दिया।
पत्नी ने बुलाई मदद
गरेवाल की पत्नी कार की आगे की सीट पर ही बैठी हुई थीं, जो एक विश्वविद्यालय में एचआर डायरेक्टर हैं। हमलावर समूह ने फोन करके कुछ और साथियों को भी बुला लिया, जो मोटरसाइकिलों पर पहुंचे और मारपीट तथा बहस में शामिल हो गए।
खबरें और भी
घटना के दौरान ही भक्ति ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 पर कॉल किया। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर मुजफ्फर सैयद और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देख कई आरोपी मौके से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने दो को मौके पर ही पकड़ लिया।
एफआईआर दर्ज होने के बाद तीनों को नोटिस देकर छोड़ा
बांद्रा पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया, जिसमें निजी फर्म कर्मचारी 25 वर्षीय अनस , गारमेंट व्यापारी का भाई 30 वर्षीय बिलाल शेख और एक अन्य आरोपी राजन शामिल है। पुलिस ने रविवार को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मारपीट और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया। हालांकि, बाद में तीनों आरोपियों को नोटिस थमाकर रिहा कर दिया गया।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, अर्जुन गरेवाल ने बताया कि जब उसने मुझे मारने की कोशिश की, तो मैंने अपने हाथों से खुद को बचाया। इसके बाद उस व्यक्ति ने हॉकी स्टिक का इस्तेमाल कर मेरी कार के आगे, पीछे और ड्राइवर साइड के शीशे तोड़ दिए। फिर वे अपनी कार में बैठकर वहां से भाग गए।
गरेवाल ने हमलावरों की SUV का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया था, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस किया। गरेवाल ने बताया कि इस घटना के बाद से उनकी पत्नी बेहद डरी हुई हैं और उन्हें ऑफिस से छुट्टी लेनी पड़ी। बांद्रा पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच कर रही है।