Video: मुंबई में बोनट पर काटा केक और हवा में की फायरिंग, 10 गिरफ्तार
मुंबई के बोरीवली में सड़क के बीचों-बीच जन्मदिन की पार्टी मनाने और एयरगन चलाने के आरोप में दस लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें
HighLights
बोरीवली में सड़क के बीचों-बीच बर्थडे पार्टी।
कार के बोनट पर केक काटकर किया गया हंगामा।
एयरगन चलाने के आरोप में 10 लोग गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के बोरीवली में कुछ लोगों ने सड़क के बीचों-बीच बर्थडे पार्टी की। जन्मदिन मनाने के नाम पर हंगामा करने के आरोप में दस लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इस घटना का वीडियों भी सामने आया है। वीडियो में 5 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे गोराई-2 में घरकुल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के पास ब्लैक कलर की इनोवा बीच रास्ते खड़ी करके पार्टी करते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं।
बीच सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन करना पड़ा भारी
कार के बोनट पर कई केक रखे थे और जिसका बर्थडे था, वह उन्हें काट रहा था। बाकी लोग बीच सड़क पर पार्टी करते हुए हंगामा और शोर-शराबा कर रहे थे।
लोगों की भारी भीड़ की वजह से इलाके में ट्रैफिक जाम हो गया और तेज शोर-शराबे से आस-पास के लोग परेशान होने लगे। हालांकि, इन सब बातों से जश्न मनाने वालों को कोई फर्क नहीं पड़ा। इसके बजाय, उन्होंने एयरगन निकाली और उनमें से एक व्यक्ति ने उससे गोली (पैलेट) चलाई।
बोरीवली पुलिस के मुताबिक, 'बेबी एयरगन जतिन शर्मा लाया था। इसे विजेश उपाध्याय ने चलाया। पैलेट चलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने कहा कि इस हरकत से कई लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। पुलिस ने इस मामले में शामिल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आकाश गुप्ता, जतिन शर्मा और विजेश उपाध्याय शामिल हैं।
भारतीय न्याय संहिता (BNS), मोटर वाहन अधिनियम, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- 'डगमगाए ना गठबंधन की नाव', प्रशांत किशोर और सुनेत्रा पवार की मुलाकात पर भाजपा की दो टूक