नवी मुंबई में फोटोकॉपी की दुकान में मिले 3400 SIR फॉर्म, बीजेपी नेता के खिलाफ FIR दर्ज; 5 BLO सस्पेंड
नवी मुंबई के खारघर में एक फोटोकॉपी की दुकान से मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े 3,400 से अधिक फॉर्म ...और पढ़ें
HighLights
खारघर में फोटोकॉपी दुकान से 3404 मतदाता सूची फॉर्म जब्त
भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी सूरज पाटिल पर FIR दर्ज
मामले में पांच बूथ स्तर के अधिकारी निलंबित किए गए
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई के खारघर में एक फोटोकॉपी की दुकान से मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े 3,400 से अधिक एन्यूमरेशन फार्म मिले हैं। इस मामले में खारघर पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी सूरज पाटिल के खिलाफ अवैध रूप से सरकारी फॉर्म रखने और उनका व्यक्तिगत उपयोग करने के आरोप में मामला (FIR) दर्ज किया है।
दरअसल, शिवसेना (यूबीटी) के लिए काम करने वाले एक वकील को फोटोकॉपी की दुकान पर असली SIR फॉर्म मिले। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोटोकॉपी की दुकान से लगभग 3,404 फॉर्म जब्त किए गए हैं, जिनमें 11 पोलिंग स्टेशनों के 11 कोरे (खाली) फॉर्म भी शामिल थे।
5 BLO सस्पेंड
घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पनवेल नगर निगम के आयुक्त मंगेश चितले ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद, पांच बूथ स्तर के अधिकारियों (BLO) को सस्पेंड कर दिया है। सस्पेंड किए गए अधिकारियों में एक निजी कंपनी के तीन डेटा एंट्री ऑपरेटर भी शामिल हैं, जो बीएलओ के रूप में कार्यरत थे।
भाजपा नेता पर क्यों दर्ज हुई FIR?
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि खारघर इलाके की एक दुकान पर एसआईआर फार्म की फोटोकॉपी करवाते समय शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति पकड़ लिया। पकड़ा गया युवक सूरज पाटिल भाजपा की युवा शाखा का पदाधिकारी है। जिसके खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने दुकान से हजारों प्रिंटेड एसआईआर फॉर्म भी जब्त किए। इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हिरासत में लिए गए भाजपा युवा नेता को पूछताछ के लिए खारघर पुलिस स्टेशन लाए जाने के कुछ ही देर बाद वह भागने में सफल रहा।
