महाराष्ट्र: वर्धा में 12 साल की बच्ची की पत्थर से कुचलकर हत्या, मजदूर गिरफ्तार; दुष्कर्म का भी शक
महाराष्ट्र के वर्धा जिले में एक 12 वर्षीय बच्ची की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। पुलिस ने एक खेत मजदूर को गिरफ्तार किया है और हत्या से ...और पढ़ें

हत्या मामला।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के वर्धा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 12 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक खेत मजदूर को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच के आधा पर पुलिस को शक है कि हत्या से पहले बच्ची के साथ यौन शोषण भी किया गया था।
वर्धा के पुलिस अधीक्षक सौरव कुमार अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि यह घटना सावंगी थाना क्षेत्र की है। बुधवार शाम को बच्ची का शव उसके घर के भीतर मिला। मासूम के सिर पर भारी पत्थर से वार करके उसकी जान ली गई थी।
पीड़ित परिवार के पहचान का निकला आरोपी
बता दें कि पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक 30 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पीड़ित परिवार का परिचित था। वह बच्ची के घर के पास ही एक खेत में मजदूरी का काम करता था, जिससे उसका वहां आना-जाना था।
मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या से पहले बच्ची के साथ कोई गलत काम हुआ था या नहीं, इसकी वैज्ञानिक पुष्टि के लिए डॉक्टरों से मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस इस मामले की जांच को सबसे पहली प्राथमिकता पर रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि वे जल्द से जल्द अपनी जांच पूरी करके अदालत से इस केस को फास्ट-ट्रैक कोर्ट (त्वरित अदालत) में चलाने की मांग करेंगे, ताकि मासूम को जल्द से जल्द न्याय मिल सके और आरोपी को कड़ी सजा दी जा सके।