पुणे की पॉल बेकरी के Dessert में रेंगता दिखा जिंदा कीड़ा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पुणे की पॉल बेकरी के डेजर्ट में कथित तौर पर एक जिंदा कीड़ा रेंगता हुआ पाया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है
HighLights
पुणे की पॉल बेकरी के डेजर्ट में कीड़ा मिला।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
पहले गुरुग्राम में भी सैंडविच में कीड़ा मिला था।
डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे की पॉल बेकरी के डेजर्ट में कथित तौर पर कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि बेकरी के प्रोडक्ट बहुत खराब हैं।
पोस्ट में बताया गया है कि इसे पुणे के विमान नगर इलाके में फिनिक्स मार्केटसिटी स्थित पॉल बेकरी से खरीदा गया था। फ्रेंच कैजुअल डाइनिंग के लिए मशहूर पॉल बेकरी के पूरे भारत में 12 आउटलेट हैं।
खाने के अंदर कीड़ा
वीडियो में दिख रहा है कि दो प्लेटें रखी हुई हैं और उनके किनारे पॉल के बैग रखे हैं। ऐसा लग रहा है कि डेजर्ट तो थोड़ा-थोड़ा खाया गया है। इसके बाद डेजर्ट पर जूम होता है और कस्टमर उसकी परतें हटाने लगता है। इसमे अंदर एक कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई देता है।
यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'पॉल बेकरी के ये प्रोडक्ट बहुत बेकार हैं। कुछ महीने पहले मैंने फीनिक्स मॉल विमान नगर पुणे में पॉल बेकरी से घर के लिए पार्सल लिया था और उसमें कीड़ा मिला।'
गुरुग्राम में भी मिला था कीड़ा
पॉल बेकरी की तरफ से अब तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। इसके पहले गुरुग्राम में भी पॉल के एक आउटलेट में सैंडविच के अंदर कीड़ा निकलने का मामला सामने आ चुका है। गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर वन होराइजन सेंटर स्थित PAUL रेस्टोरेंट में एक ग्राहक ने सैंडविच ऑर्डर किया था।
जब ग्राहक ने सैंडविच का कुछ हिस्सा खा लिया, तो उसे अंदर एक कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दिया। ग्राहक ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, 'हम सुबह करीब 11 बजे नाश्ते के लिए गए थे और 6-7 डिश ऑर्डर की थीं। उनके सीजर सलाद में जिंदा कीड़ा देखकर हम हैरान रह गए।'
गुरुग्राम के ग्राहक को रेस्टोरेंट की तरफ से मैसेज भेजकर माफी मांग ली गई थी। लेकिन ग्राहक ने कहा कि ऐसा लगता है कि वह बातें गंभीरता से नहीं लेते और सिर्फ आउटलेट चलाने पर फोकस करते हैं, भले ही कुछ भी हो जाए।
