पुणे में वारकरियों की शोभायात्रा में घुसा ट्रक, तीन महिलाओं की मौत
पुणे में वारकरी शोभायात्रा के दौरान एक ट्रक की टक्कर से तीन महिलाओं की मौत हो गई और चार घायल हो गए। ...और पढ़ें

ट्रक की टक्कर से तीन महिलाओं की मौत।
HighLights
पुणे में वारकरी शोभायात्रा के दौरान ट्रक दुर्घटना।
तीन महिला वारकरियों की दुखद मौत, चार घायल।
चालक ने ओवरटेक करते समय वारकरियों को कुचला।
डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे जिले में सोमवार को वारकरी समुदाय की ‘वारी’ शोभायात्रा के साथ चल रहे एक ट्रक ने वारकरियों (भगवान विट्ठल के भक्तों) को टक्कर मार दी। इस टक्कर से तीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय ट्रक चालक ने किसी दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करते समय बाईं ओर गाड़ी मोड़ दी और महिलाओं को कुचल दिया।
ट्रक चालक बीमार बताया गया है। उसने जुकाम-बुखार की दवा ली थी। यह दुघर्टना सुबह लगभग साढ़े आठ बजे जेजुरी की ओर जाने वाले मार्ग पर एक होटल के पास हुई। यह जगह मुख्य ‘पालखी’ (पालकी) शोभायात्रा से 12 किलोमीटर आगे थी।
पूरे राज्य से वारकरी हर साल ‘वारी’ तीर्थयात्रा पर सोलापुर जिले के पंढरपुर शहर जाते हैं। वहां वे आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर भगवान विठ्ठल के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। इस वर्ष आषाढ़ी एकादशी 25 जुलाई को मनाई जाएगी।
पुलिस ने बताया कि यातायात को सुगम बनाने के लिए सड़क के बीच में डिवाइडर लगाया गया था। दाईं तरफ का रास्ता शोभायात्रा में शामिल गाड़ियों के लिए और बाईं तरफ का मार्ग पैदल यात्रियों के लिए तय किया गया था।
खबरें और भी
कुछ वारकरी बीच-बीच में गाड़ियों वाली लेन में भी चल रहे थे। नांदेड़ जिले के लोहा के रंगनाथ महाराज पोखरबिसिकर की डिंडी (तीर्थयात्रियों का समूह) का एक ट्रक वाहनों के लिए तय लेन से जेजुरी की ओर जा रहा था। उसी समय उसने सात महिला वारकरियों को टक्कर मार दी।
किसी दूसरी गाड़ी से आगे निकलने की कोशिश में उसने ट्रक को बाईं ओर मोड़ा और महिलाओं को कुचल दिया, जिससे तीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि चार घायल महिलाओं को इलाज के लिए जेजुरी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर अस्पताल में भर्ती घायल महिला वारकरियों से मुलाकात की। राकांपा (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने दुर्घटना की गहन जांच की मांग की।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)