यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Share Market Today: शेयर बाजार में दिखी रौनक, बढ़त के साथ कारोबार कर सेंसेक्स-निफ्टी
भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शानदार तेजी देखने को मिली। पावर और यूटिलिटी शेयरों में जमकर ...और पढ़ें

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन जबरदस्त तेजी देखने को मिली। मजबूत एशियाई संकेतों और पावर व यूटिलिटी शेयरों में जोरदार खरीदारी के चलते बाजार में रौनक बनी रही। बीएसई सेंसेक्स 324.67 अंकों की बढ़त के साथ 74,657.25 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 98.45 अंकों की तेजी के साथ 22,650.95 पर कारोबार करता दिखा।
कौन-कौन से शेयर चमके?
सेंसेक्स पैक में पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अडानी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, नेस्ले इंडिया, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इन्फोसिस टॉप गेनर्स में शामिल रहे। वहीं, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जोमैटो, टाइटन, एलएंडटी और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
बाजार पर ग्लोबल इफेक्ट
HDFC सिक्योरिटीज के हेड ऑफ प्राइम रिसर्च देवर्ष वकील ने कहा, "मार्केट में उतार-चढ़ाव बना हुआ है क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित टैरिफ को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। कनाडा और मैक्सिको से आयात पर 25% और चीन से आयात पर 10% अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की थी। हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने बाद में कुछ छूट और देरी की भी बात कही है।"
विदेशी निवेशकों का रुख
शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने ₹2,035.10 करोड़ के शेयर बेचे थे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹2,320.36 करोड़ के शेयर खरीदे थे। इससे बाजार को मजबूती मिली। एशियाई बाजारों की बात करें तो टोक्यो और सियोल में तेजी देखी गई, जबकि शंघाई और हांगकांग लाल निशान पर कारोबार कर रहे थे।
ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.51% की गिरावट के साथ 70 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शुक्रवार को सेंसेक्स ने दो दिनों की तेजी के बाद मामूली गिरावट दर्ज की थी और 7.51 अंक लुढ़ककर 74,332.58 पर बंद हुआ था। हालांकि, निफ्टी 7.80 अंकों की हल्की बढ़त के साथ 22,552.50 पर बंद हुआ था।
डॉलर के मुकाबले रुपये का हाल
सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 30 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ 87.25 प्रति डॉलर पर आ गया। अमेरिकी करेंसी छह महीने के निचले स्तर से रिकवरी कर रही है, जिससे रुपये पर दबाव बढ़ा। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी रुपये को कमजोर किया। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को कुछ समर्थन मिला। फॉरेक्स ट्रेडर्स ने यह जानकारी दी।

