Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मध्य प्रदेश से रायपुर पहुंचा 500 किलो पनीर जब्त, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए सैंपल

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 05:43 AM (GMT+05:30)

    रायपुर रेलवे स्टेशन पर अमरकंटक एक्सप्रेस से भोपाल से लाई गई करीब 500 किलोग्राम पनीर की खेप खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जब्त कर ली। पनीर 10 बड़े डि ...और पढ़ें

    मध्य प्रदेश से रायपुर पहुंचा 500 किलो पनीर जब्त

    मध्य प्रदेश से रायपुर पहुंचा 500 किलो पनीर जब्त

    HighLights

    1. रायपुर स्टेशन में जब्त किया गया पनीर

    2. विभाग ने खेप से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं

    जेएनएन, रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर अमरकंटक एक्सप्रेस से भोपाल से लाई गई करीब 500 किलोग्राम पनीर की खेप खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जब्त कर ली। पनीर 10 बड़े डिब्बों में भरकर लाया गया था।

    विभाग ने खेप से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह पनीर असली दूध से तैयार किया गया है या फिर प्रतिबंधित एनॉलॉग पनीर है।

    प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भोपाल से लाई गई इस खेप को रायपुर से बस के जरिए बसना, सरायपाली और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।

    इससे पहले ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को इसकी सूचना मिल गई और टीम ने रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए पूरी खेप जब्त कर ली। यह पनीर शहर के होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी आपूर्ति किया जाना था।

    विभाग अब यह पता लगा रहा है कि यह खेप किस व्यापारी ने मंगाई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी रायपुर रेलवे स्टेशन पर इसी तरह की बड़ी कार्रवाई की गई थी।

    प्रदेश में एनॉलॉग डेयरी उत्पादों पर प्रतिबंध

    राज्य सरकार ने प्रदेशभर में डेयरी एनॉलॉग अथवा गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे उत्पादों पर रोक लगाई गई है, जो उपभोक्ताओं में असली दुग्ध उत्पाद होने का भ्रम पैदा करते हैं। इस संबंध में 31 जुलाई को राजपत्र में अधिसूचना जारी की गई है।

    अधिसूचना के अनुसार विशेष रूप से पनीर, क्रीम और मक्खन जैसे अमानकीकृत उत्पादों के निर्माण एवं बिक्री पर रोक रहेगी, जिनमें दूध की जगह वनस्पति वसा अथवा वनस्पति तेल का उपयोग किया जाता है।

    एक वर्ष में केवल जांच हुई कार्रवाई नहीं

    पिछले एक वर्ष में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने विभिन्न स्थानों से 19,590 किलो एनालाग पनीर जब्त किया और जांच के लिए भेजे गए 14 नमूने गुणवत्ता परीक्षण में फेल पाए गए। इसके बावजूद अब तक किसी भी मामले में कठोर दंडात्मक कार्रवाई नहीं हो सकी।

    खबरें और भी

    विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी और उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाएगी, तब तक लोगों की सेहत से खिलवाड़ रुकना मुश्किल होगा।

    वर्तमान में जब्त किए गए पनीर में किन-किन पदार्थों का उपयोग किया गया है, यह जांच का विषय है और प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।- विनोद गुप्ता, अभिहित अधिकारी, रायपुर

    नकली अथवा अमानक पनीर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इसे तैयार करने में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जाता, जिससे पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है। एनालाग पनीर का सेवन करने से उल्टी, मतली, पेट संबंधी समस्याएं और कुछ मामलों में तंत्रिका तंत्र (न्यूरोलॉजिकल) से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।- डॉ. मनोज लाहोटी, गेस्टोलाजिस्ट

    ऐसे पहचानें नकली पनीर

    • पनीर में आयोडीन डालने पर नीला हो जाए तो वह मिलावट हो सकता है।
    • उबालने पर यदि पनीर टूट जाए तो वह मिलावट है।
    • तलने पर यदि पनीर तेल ज्यादा छोड़े तो भी यह मिलाटव वाला होता है।
    • पनीर को दबाने पर यदि वह दानेदार नहीं है और रबर जैसा है यह मिलावट है।