विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जानिए, एक साल में कितनी कम हुई वित्त मंत्री जेटली की संपत्ति

By Sanjeev TiwariEdited By:
Published: Sat, 02 Jul 2016 07:28 PM (IST)Updated: Sun, 03 Jul 2016 08:22 AM (IST)

बीते एक साल में जेटली की संपत्ति में 2.83 करोड़ रुपये की कमी आयी है।

News Article Hero Image

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आम तौर पर सत्ता में आने के बाद नेताओं की संपत्ति कई गुना बढ़ जाती है लेकिन देश के वित्त मंत्री अरुण जेटली के मामले में इसका ठीक उल्टा हुआ है। बीते एक साल में जेटली की संपत्ति में 2.83 करोड़ रुपये की कमी आयी है। जेटली ने वित्त वर्ष 2015-16 के लिए अपनी परिसंपत्तियों और देनदारियों का ब्यौरा प्रधानमंत्री कार्यालय को सौंपा है जिसमें यह खुलासा हुआ है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार मार्च 2016 में जेटली की कुल संपत्ति में 2.83 करोड़ रुपये की कमी आयी है जिसके बाद यह घटकर 69.13 करोड़ रुपये रह गयी है। पिछले साल उनकी संपत्ति 71.96 करोड़ रुपये थी। जेटली की संपत्ति में गिरावट की वजह बैंक बैलेंस में कमी आना है। हालांकि वित्त वर्ष 2015-16 के दौरान जेटली की अचल संपत्ति 35.21 करोड़ रुपये ही रही है जो कि 2014-15 के बराबर ही है। उनकी अचल संपत्ति में भूमि और भवन दोनों ही शामिल हैं।

जेटली के चार बैंक खातों में बैलेंस घटकर एक करोड़ रुपये रह गया है जबकि 31 मार्च 2015 को यह 3.52 करोड़ रुपये था। वैसे एन्प्रो ऑयल लिमिटेड और डीसीएम श्रीराम कंसोलीडेटेड लिमिटेड में उनका बेलेंस बिना किसी बदलाव के 17 करोड़ रुपये है। इसी तरह उनके पास नकदी भी पिछले साल मार्च में 95.35 लाख रुपये से घटकर 65.29 लाख रुपये रह गयी है।

पढ़ेंः बैंकिंग संकट पर आरबीआइ से सहमत नहीं वित्त मंत्रालय

वहीं पीपीएफ और अन्य निवेश में कुल राशि इस अवधि में 11.24 करोड़ रुपये से घटकर 11 करोड़ रुपये रह गयी है। उनके पास उपलब्ध सोना, चांदी और हीरों का मूल्य पिछले साल मार्च में 1.76 करोड़ रुपये था जो अब बढ़कर 1.86 करोड़ रुपये हो गया है। अगर सिर्फ सोने की बात करें तो पिछले साल मार्च में उनके पास 1.25 करोड़ रुपये का सोना था जो इस साल बढ़कर 1.35 करोड़ रुपये का हो गया है। हालांकि इस अवधि में चांदी घटकर 5.54 करोड़ रुपये रह गयी है। उनके हीरों का मूल्य अभी 45 लाख रुपये है जो पिछले साल के बराबर है।

वित्त मंत्री के पास जहां तक गाडि़यों का सवाल है तो उनके पास दो मर्सिडीज, एक होंडा अकोर्ड और एक टोयोटा की फाच्र्यूनर है जो उन्होंने अपनी आय और बचत से खरीदी है। इस साल मार्च के अंत में उनकी कारों का मूल्य घटकर 1.93 करोड़ रुपये रह गया है जबकि पिछले साल यह 2.79 करोड़ रुपये था। वैसे 2014-15 में वित्त मंत्री के पास पांच कारें थीं जिसमें एक बीएमडब्ल्यू भी शामिल थी। वैसे वित्त वर्ष 2015-16 के उनके संपत्ति ब्यौरा में यह दिखायी नहीं देती।

इस तरह जेटली और उनकी पत्नी संगीता जेटली दोनों की संपत्ति मिला दी जाए तो वह 69.13 करोड़ रुपये बैठती है जबकि मार्च 2015 में यह 71.96 करोड़ रुपये थी।

वित्त मंत्री और उनकी पत्‌नी के छह रिहायशी संपत्तियां हैं जिनमें तीन दिल्ली तथा एक-एक हरियाणा, गुजरात और पंजाब में है। संगीता जेटली का एचडीएफसी में एक बैंक खाता है जिसमें 69.43 लाख रुपये बैलेंस है। जहां तक देनदारियों का सवाल है तो जेटली की पत्नी संगीता जेटली पर 9.71 करोड़ रुपये का कर्ज है। उन्होंने 9.22 करोड़ रुपये जेटली से उधार लिए हैं जबकि 49.25 लाख रुपये अपनी बेटी सोनाली जेटली से उधार लिए हैं।

पढ़ेंः नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए खुशखबरी! अब इस कारण से नहीं रुकेगी नियुक्ति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।