Bihar Election Results 2025 'अब बंगाल में जंगलराज खत्म करने की बारी', बिहार में NDA की महाजीत पर बोली भाजपा
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत से उत्साहित बंगाल भाजपा ने 'अब बंगाल की बारी' का नारा दिया है। ...और पढ़ें

बिहार में जीत का जश्न मनाती बंगाल भाजपा।
HighLights
बिहार जीत से बंगाल भाजपा उत्साहित
बंगाल में 'अब हमारी बारी' का नारा
तृणमूल ने नतीजों को नकारा
राजीव कुमार झा, कोलकाता। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिली प्रचंड जीत से बंगाल में भी भाजपा को एक नई ऊर्जा मिल गई है, जहां पांच महीने बाद ही विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार के बाद बंगाल में भी चुनाव से ठीक पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया चल रही है।
इन सबके बीच पड़ोसी राज्य में शुक्रवार को आए चुनाव नतीजे व एनडीए को मिली भारी जीत से उत्साहित बंगाल भाजपा के नेताओं ने यह नारा बुलंद करना शुरू कर दिया है कि बिहार के बाद अब बंगाल की बारी है। बिहार चुनाव नतीजे पर बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से कहा कि एक ही स्लोगन है- बिहार की जीत हमारी है, अब बंगाल की बारी है...।
'बंगाल में भी भगवा लहर होगी'
उन्होंने दावा किया कि अब बंगाल अगला नंबर है। बंगाल में भी मोदी व भगवा लहर होगी। उन्होंने जोर दिया कि कुछ महीनों बाद होने वाले चुनाव के बाद भाजपा यहां भी सत्ता में आएगी। बंगाल में भी विकासवाद व राष्ट्रवाद की बड़ी जीत होगी। सुवेंदु के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने राज्य विधानसभा के बाहर एनडीए की जीत का जश्न भी मनाया।
इसी तरह, बिहार चुनाव परिणाम पर केंद्रीय मंत्री व प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष डा सुकांत मजूमदार ने कहा कि अब बंगाल का जंगलराज खत्म करने की बारी है। मिशन बंगाल की तरह भाजपा बंगाल के जंगलराज को खत्म करके रहेगी।
बंगाल चुनाव में जनता जीतेगी, तृणमूल हारेगी : शमिक
वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार में एनडीए की जीत सिर्फ एक चुनावी नतीजा नहीं है बल्कि यह पूर्वी भारत की राजनीति में आने वाले बड़े बदलावों का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने वंशवाद, भ्रष्टाचार और पाखंड की राजनीति को आखिरकार नकार दिया है।
ममता सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि 2026 के बंगाल चुनाव में जनता जीतेगी, तृणमूल हारेगी। बिहार ने दिखा दिया है कि भ्रष्ट राजनीति अंतत: हारती है। बंगाल भी अब उसी राह पर चलने को तैयार है। बंगाल अब अपना भविष्य खुद लिखेगा-विकास को चुनकर।
बिहार के चुनावी नतीजों का बंगाल पर नहीं पड़ेगा कोई असर : तृणमूल
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि बिहार के चुनाव नतीजों का बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने दावा किया कि अगले साल चुनाव के बाद ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी 250 से ज्यादा सीटों के साथ लगातार चौथी बार सत्ता में आएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर दिखा दिया है कि भाजपा के खिलाफ कांग्रेस नाकाम रही है। घोष ने कहा, यह बिहार का समीकरण है। इसका बंगाल से कोई संबंध नहीं है। इसका बंगाल पर कोई असर नहीं पड़ेगा। तृणमूल भाजपा की सभी साजिशों को नाकाम कर देगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में मनाया जीत का जश्न
इधर, बिहार चुनाव में प्रचंड जीत की खुशी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोलकाता सहित पूरे राज्यभर में जश्न मनाया। कोलकाता में प्रदेश भाजपा मुख्यालय सहित विभिन्न जिलों में जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया व लोगों में मिठाइयां भी बांटी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।