Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    छत्तीसगढ़ में अजीबो-गरीब नामों पर मचा बवाल, SI भर्ती परीक्षा में 'स्पेसरानी', 'न्यूज' और 'तूफान' हुए पास

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 02:06 AM (IST)

    छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक (एसआइ) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा में स्पेशरानी, न्यूज और तूफान जैसे नाम ...और पढ़ें

    छत्तीसगढ़ में एसआई भर्ती परीक्षा में 'स्पेसरानी', 'न्यूज' और 'तूफान' हुए पास

    छत्तीसगढ़ में एसआई भर्ती परीक्षा में 'स्पेसरानी', 'न्यूज' और 'तूफान' हुए पास


    HighLights

    1. छत्तीसगढ़ में एसआई भर्ती परीक्षा में 'स्पेसरानी', 'न्यूज' और 'तूफान' हुए पास

    2. अजीबो-गरीब नामों पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने दिया स्पष्टीकरण

    3. परिणाम में वही विवरण प्रकाशित है, जो आवेदन में उपलब्ध था

    जेएनएन, रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक (एसआइ) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा में स्पेशरानी, न्यूज और तूफान जैसे नाम वाले अभ्यर्थी भी पास हुए हैं।

    मेरिट सूची में दिखे कुछ अस्वाभाविक और अजीबो-गरीब नामों को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने इसे लेकर सरकार पर प्रहार किया है।

    विवाद बढ़ता देख सीजीपीएससी ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए लिखा कि उक्त सभी नाम अभ्यर्थियों ने स्वयं ऑनलाइन फार्म भरते समय दर्ज किए थे।

    इन्हीं नामों से उनके प्रवेश पत्र जारी हुए, दस्तावेज का सत्यापन हुआ और उन्होंने परीक्षा दी। आयोग ने स्पष्ट किया कि परिणाम में वही विवरण प्रकाशित किया गया है, जो आवेदन में उपलब्ध था।

    इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर सरकार और आयोग पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि सब-इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा में न्यूज और स्पेसरानी ने शानदार सफलता हासिल की है। दोनों को बधाई।

    उन्होंने महतारी वंदन योजना में सनी लियानी नाम सामने आने के पुराने विवाद का भी उल्लेख करते हुए इसे नई उपलब्धि बताया।

    कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है।

    कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा कि संवैधानिक संस्था ने तथ्य स्पष्ट कर दिए हैं। इसके बाद घोटाले के आरोप नहीं टिकते। उन्होंने कांग्रेस से युवाओं से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। साथ ही कहा कि कांग्रेस को अपनी सरकार के दौरान हुए भर्ती घोटालों का इतिहास याद रखना चाहिए।