सनातनी आस्था पर चोट, भगवान शिव पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला क्रिश्चियन फोरम का अध्यक्ष गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ में भगवान शिव और हिंदू देवी-देवताओं को लेकर इंटरनेट मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को ...और पढ़ें

भगवान शिव पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला क्रिश्चियन फोरम का अध्यक्ष गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
छत्तीसगढ़ की अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने का आरोप
जेएनएन, रायपुर। छत्तीसगढ़ में भगवान शिव और हिंदू देवी-देवताओं को लेकर इंटरनेट मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया। यहां सिविल लाइन पुलिस ने उन्हें शनिवार को जिला न्यायालय में पेश किया।
न्यायालय ने पन्नालाल की जमानत याचिका खारिज कर 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अभी और सख्त कार्रवाई होगी।
पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि पन्नालाल प्रदेश में मतांतरण के बड़े रैकेट का सरगना है।
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि अरुण पन्नालाल मानसिक रूप से विक्षिप्त है, जो सामाजिक समरसता बिगाड़ने का काम कर रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को फेसबुक पर हंसराज गोयल नामक व्यक्ति ने भगवान शिव पर आपत्तिजनक पोस्ट किया था। इस पोस्ट पर पन्नालाल ने भी आपत्तिजनक कमेंट किया, इसके बाद विवाद बढ़ा।
भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि पोस्ट और कमेंट से हिंदू धर्म के अनुयायियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
पुलिस ने हंसराज गोयल और अरुण पन्नालाल के विरुद्ध धार्मिक भावना आहत करने, सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने और सार्वजनिक शांति भंग करने की धारा के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब इंटरनेट मीडिया पर किए गए पोस्ट और कमेंट की तकनीकी जांच कर रही है।