दिल्ली से 30 किलोमीटर दूर यह शहर बना गैस चैंबर, हवा जहरीली होने की 10 बड़ी वजह जानिए
दीवाली के बाद पटाखों और विभिन्न कारणों से लोनी, दिल्ली के पास, अत्यधिक प्रदूषित हो गया है, जिससे यह एनसीआर के सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में से एक बन गया है।

दीवाली के बाद लोनी में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली यानी रविवार की रात पटाखों की वजह से उत्तर प्रदेश के लोनी में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। सोमवार सुबह लोनी, जो दिल्ली से महज एक घंटे की दूरी पर स्थित है, नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) के सबसे प्रदूषित इलाकों में शुमार हो गया।
AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12 महीनों में लोनी में PM2.5 का औसत स्तर 112.5 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की सालाना सीमा 5 माइक्रोग्राम से 22 गुना से भी ज्यादा है।
स्विस मॉनिटरिंग एजेंसी IQAir की वैश्विक रैंकिंग में भी लोनी दुनिया के 20 सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में शामिल रहा। हवा में मौजूद कणों (पार्टिकुलेट मैटर) की इतनी अधिक मात्रा लोगों में कैंसर और दिल से जुड़ी बीमारियों का कारण बन सकती है।
लोनी की हवा जहरीली होने के 10 बड़े कारण
पहला कारण: औद्योगिक धुआं और अवैध भट्टियां
लोनी कई औद्योगिक क्षेत्रों से घिरा हुआ है। इन इलाकों से निकलने वाला धुआं चिंता का विषय है। यहां कई छोटे उद्योग भी हैं जो रिहायशी इलाकों से चलाए जा रहे हैं। कुछ लोग धातुओं को पिघलाने के लिए भट्टियों का इस्तेमाल करते हैं, जिनसे हानिकारक रासायनिक धुआं निकलता है।
दूसरा कारण: खराब-कच्ची सड़कों की धूल
खराब सड़कें भी प्रदूषण की एक बड़ी वजह हैं। यह इस क्षेत्र के सबसे कम विकसित इलाकों में से एक है, जहां सड़कें धूल से भरी रहती हैं। सर्दियों के मौसम में यही धूल पहले से ही प्रदूषित हवा को और अधिक जहरीला बना देती है।
तीसरा कारण: लगातार निर्माण कार्य और खुदाई
लोनी, दिल्ली, गाजियाबाद और बागपत के बीच स्थित है। जो लोग दिल्ली-एनसीआर में अपना घर खरीदने का सपना देखते हैं, उनके लिए यहां सस्ती जमीन आसानी से मिल जाति है और यहां से आस-पास के इलाकों के लिए अच्छी कनेक्टिविटी भी है
। यही वजह है कि यहां साल भर निर्माण कार्य चलता रहता है। इस इलाके में कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं भी चल रही हैं, जिसके कारण जमीन की गहरी खुदाई होती है और धूल से प्रदूषण फैलता है।
चौथा कारण: हाईवे, भारी ट्रक और ट्रैफिक
लोनी, दिल्ली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों से जोड़ता है। हाल ही में बना ईस्टर्न एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून हाईवे भी लोनी के पास से ही गुजरते हैं। इन दोनों सड़कों से दिन-रात बड़े ट्रक गुजरते हैं और दिल्ली के प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर इसी इलाके पर पड़ता है।
इसके अलावा, लोनी कई शहरों को जोड़ता है, इसलिए यहां अन्य इलाकों की तुलना में ट्रैफिक बहुत अधिक रहता है। गाड़ियों का ट्रैफिक भी लोनी में प्रदूषण बढ़ाने का एक कारण है।
पांचवां कारण: खुले में कचरा जलाना
घनी आबादी और पिछड़ेपन के कारण, इस इलाके में कचरा निस्तारण एक बड़ी समस्या है। जितना कचरा यहां पैदा होता है, उसके मुकाबले उसे ठिकाने लगाने की सुविधाएं कम हैं।
नतीजतन, लोग या तो कचरे को खुले में छोड़ देते हैं या फिर उसमें आग लगा देते हैं। घरों और उद्योगों से निकलने वाले कचरे को भी खुले में जलाया जाता है, जिससे खतरनाक धुआं पैदा होता है।
छठा कारण: आसपास के ईंट-भट्टे
बागपत, लोनी के पास ही स्थित है। यह इलाका ईंट-भट्टों के लिए भी जाना जाता है। लोनी के कुछ ही किलोमीटर के दायरे में बड़ी संख्या में ईंट-भट्टे मौजूद हैं। इन भट्टों से निकलने वाला धुआं और ईंट बनाने के लिए खेतों की खुदाई से उड़ने वाली धूल, प्रदूषण को और बढ़ाती है।
सातवां कारण: सर्दियों में पराली का धुआं
सर्दियों के मौसम में पराली जलाने से निकलने वाला धुआं, उत्तर भारत में प्रदूषण के सबसे बड़े कारणों में से एक है। लोनी के आस-पास के कई ग्रामीण इलाकों में, सर्दियां शुरू होते ही खेतों में आग लगाने का सिलसिला शुरू हो जाता है।
इसलिए, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों से आने वाले प्रदूषण के साथ-साथ, उत्तर प्रदेश के गांवों से आने वाले पराली के धुएं का असर भी लोनी पर पड़ता है।
आठवां कारण: भौगोलिक बनावट और इनवर्जन प्रभाव
लोनी, यमुना नदी के किनारे स्थित है और ग्रामीण इलाकों के भी काफी करीब है। यहीं वजह है कि अन्य क्षेत्रों की तुलना में यहां की सतह का तापमान कम रहता है। जमीन के पास तापमान कम होने से हवा की 'मिक्सिंग हाइट' (वह ऊंचाई जहां प्रदूषक हवा में घुलते-मिलते हैं) भी कम हो जाती है।
कम ऊंचाई पर मौजूद प्रदूषक हवा की नमी में फंस जाते हैं, जिससे ये लोनी और इसके आस-पास के इलाकों में रहने वालों के लिए और भी खतरनाक हो जाते हैं।
नौवां कारण: हवा में रासायनिक प्रतिक्रिया
सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और अमोनिया जैसे कई रसायन, PM2.5 जैसे धूल कणों के साथ रिएक्शन करते हैं। अब क्योंकि लोनी इलाके में ये रसायन भारी मात्रा में मौजूद हैं इसलिए इन रसायनों और धूल कणों के बीच होने वाली प्रतिक्रिया से एक तीसरा, अधिक खतरनाक रसायन बन जाता है, जो यहां की हवा को और भी जानलेवा बना देता है।
दसवां कारण: NCR का प्रदूषण और वाहनों का दबाव
दिल्ली-एनसीआर का हिस्सा होने के कारण, लोनी को भी उन समस्याओं का सामना करना पड़ता है जो पूरी दिल्ली को प्रभावित करती हैं। इसके अलावा, गाजियाबाद और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के आस-पास के इलाकों में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वाहनों से होने वाला यह प्रदूषण, जो दिल्ली के आस-पास के सभी इलाकों को प्रभावित करता है, लोनी पर भी असर डालता है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8:10 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 483 तक पहुंच गया था। हालांकि, हवा में मौजूद प्रदूषकों से बचाव के क्षेत्र में काम करने वाली स्विस कंपनी 'IQAir' सहित कई निजी निगरानी संस्थाओं ने शाहदरा और दक्षिण दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी में AQI का स्तर 1000 से ऊपर दर्ज किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।