एक्सपायर्ड दूध, फंगस लगी सब्जियां और सड़ा हुआ मीट... बेंगलुरु के होटलों से 132kg खाने-पीने का सामान जब्त
बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने होटलों और पबों पर छापेमारी कर 132 किलोग्राम खाने का सामान और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ कुकिंग ऑयल जब्त किया। ...और पढ़ें

बेंगलुरु में 132 किलो सड़ा हुआ खाना जब्त

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। हाल ही में बेंगलुरु के कई फाइव-स्टार होटलों में जांच अधिकारीयों को बड़ी मात्रा में सड़ा-गला खाने का सामान मिला था। इसके कुछ ही दिनों बाद कार्रवाई तेज करते हुए जांच टीम ने शहर भर में 132 किलोग्राम खाने-पीने का सामान और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ कुकिंग ऑयल जब्त किया है।
रविवार की जांच में कई रेस्टोरेंट और पब शामिल थे। अधिकारियों को वहां खाने-पीने की ऐसी चीजें मिलीं जो खाने लायक नहीं थीं। होटल स्काई में सबसे ज्यादा सामान नष्ट किया गया।
UB सिटी के एक बड़े पब, 'होटल स्काई' में अधिकारियों को 45 किलोग्राम सड़ा हुआ चिकन और बीफ, 6 किलोग्राम वेजिटेबल कटलेट और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ कुकिंग ऑयल मिला। कुल 51 किलोग्राम वजन वाले इन खाद्य पदार्थों को खाने के लिए सही नहीं पाया गया और इन्हें नष्ट कर दिया गया।
132 किलो खाने-पीने का सामान जब्त
रॉयल चेन होटल में अधिकारियों ने 50 किलो बत्तख का मांस और 5 किलो सड़ी हुई मछली जब्त की। मद्रास किचन में 5 किलो हरी मटर जब्त की गई।
टेस्कॉन होटल से 5 किलो मशरूम ज़ब्त किए गए। कुल मिलाकर, फ़ूड सेफ्टी अधिकारियों ने चेकिंग के दौरान 132 किलो खाने-पीने का सामान जब्त किया।
पहले इन फाइव-स्टार होटलों में छापेमारी
ये कार्रवाई बेंगलुरु के कई मशहूर होटलों में फ़ूड सेफ़्टी अधिकारियों की छापेमारी के कुछ ही दिनों बाद हुई है। इन होटलों में 'द ललित अशोक' (एनेक्स साउथ), शांगरी-ला बेंगलुरु, फोर सीजन्स होटल बेंगलुरु, विवंता बेंगलुरु व्हाइटफील्ड, ताज यशवंतपुर और रैडिसन ब्लू (द एट्रिया) शामिल हैं।