विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गांधी, नेहरू और वाजपेयी पर भी FIR करिए', मल्लिकार्जुन खरगे का वंदे मातरम् विवाद मामले में भाजपा पर पलटवार

Updated: Tue, 18 Aug 2026 05:10 PM (IST)

वंदे मातरम् विवाद पर सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज होने पर मल्लिकार्जुन खरगे ने आपत्ति जताई है।

HighLights

  1. कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् गाने पर विवाद गहराया।

  2. सोनिया-राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज।

  3. खरगे बोले, गांधी, नेहरू, वाजपेयी पर भी केस करो।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 15 अगस्त के दिन कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् गाए जाने को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इस मामले में सोमवार को दिल्ली पुलिस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ एक शिकायत भी दर्ज कराई गई।

सोनिया और राहुल के खिलाफ शिकायत दर्ज होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जु खरगे ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रगीत को उसके पुराने वर्जन में गाना अपराध है, तो महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की जानी चाहिए।

'महात्मा गांधी के खिलाफ भी दर्ज करो केस'

पत्रकारों से बात करते हुए खरगे ने कहा, 'देखिए, वे क्या शिकायत दर्ज करेंगे? हमने वही वंदे मातरम् गाया जो महात्मा गांधी ने गाया था। हमने वही गाया जो जवाहरलाल नेहरू ने गाया था। पिछले 18 सालों से हम वही गा रहे हैं जो उन्होंने गाया, जिसमें वाजपेयी के नेतृत्व वाली उनकी केंद्र सरकार द्वारा गाया गया वर्जन भी शामिल है।'

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, '12 सालों तक, मुख्यमंत्री के तौर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वही वंदे मातरम गाया जो वे इतने सालों से गाते आ रहे हैं। अगर यह अपराध है, तो वे 18 साल से यह अपराध कर रहे हैं। अगर यह वही अपराध है, तो महात्मा गांधी के खिलाफ केस दर्ज करें। अगर यह वही अपराध है, तो नेहरू के खिलाफ केस दर्ज करें।'

खगे ने आगे कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय गीतों पर तब प्रस्ताव पास किया था, जब उनके मौजूदा आलोचकों में से कई का जन्म भी नहीं हुआ था।

मल्लिकार्जुन खरगे की तरफ से यह टिप्पणी बीजेपी के उस आरोप में जवाब में आई है, जिसमें कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बारे में कहा गया कि उन्होंने 15 अगस्त, शनिवार को पार्टी मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत को पूरा गाने से रोकने का इशारा किया था।

कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को किया खारिज

खरगे ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया था, जिसके बाद वंदे मातरम् गाया गया था।

भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने सबसे पहले देखा कि गायक पूरा वर्जन गा रहे थे। सोनिया गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने खरगे की ओर इशारा किया और बाद में गायकों से बात करती हुई दिखीं, जिसमें सोनिया ने गायकों को रुकने के लिए कहा।

कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि सोनिया गांधी खरगे के लिए कुर्सी का इंतजाम करने का इशारा कर रही थीं, क्योंकि वे काफी देर से खड़े थे।

कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, 'यह झूठ का पुलिंदा है। सोनिया गांधी ने ऐसा नहीं किया। हमारे कांग्रेस अध्यक्ष की सेहत ठीक नहीं है, वे ज्यादा देर तक खड़े नहीं रह सकते, इसलिए सोनिया गांधी कार्यक्रम के इंतजाम के बारे में इशारा कर रही थीं, न कि वंदे मातरम गाने को रोकने के लिए।

यह भी पढ़ें- 'उनकी रगों में बहने वाला खून इटली का...', वंदे मातरम विवाद पर एचडी कुमारस्वामी का सोनिया गांधी पर हमला