यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कांग्रेस के पूर्व नेता ने राहुल गांधी को बताया घमंडी, 'करते हैं मालिक-नौकर जैसा बर्ताव'
राहुल गांधी के अंदर बदलाव की बहुत जरूरत है और अगर राहुल अपने आप को नहीं बदलते हैं तो कांग्रेस का भविष्य नहीं रहेगा।

नई दिल्ली। असम में कांग्रेस की लुटिया डूबने के बाद उसकी असलियत भी सामने आने लगी है। किसी जमाने में असम में कांग्रेस के बड़े नेता रहे हिमंत विश्व शर्मा ने राहुल गांधी को घमंडी बताया है। उनका कहना है कि उन्हें मालिक और नौकर जैसा बर्ताव बहुत पसंद आता है।
एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उन्होंने राहुल को 2 साल पहले ही बोल दिया था कि अगर वो इसी ढर्रे पर चलते रहे तो कांग्रेस 25 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के अंदर बदलाव की बहुत जरूरत है और अगर राहुल अपने आप को नहीं बदलते हैं तो कांग्रेस का भविष्य नहीं रहेगा।
पढ़ें- कांग्रेस ने मानी हार, लेकिन राहुल नहीं जिम्मेदार
इस बातचीत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बहुत घमंडी हैं और जब उनसे कोई मिलने जाए तो वो मालिक नौकर जैसा बर्ताव करते हैं। उन्होंने कहा या तो राहुल खुद को बदल लें या फिर कांग्रेस उनको बदल दे।
हिमंत और तरुण गोगोई के बीच हुए टकराव के बाद वो भाजपा में शामिल हो गए थे। किसी जमाने में हिमंत को तरुण गोगोई का करीबी माना जाता था और पार्टी में उनको गोगोई का उत्तराधिकारी माना जाता था लेकिन गोगोई ने अपने बेटे को तरजीह दी और इसी बात से दोनों में खटपट हो गई।
पढ़ें- 2014 के बाद कांग्रेस की 6 राज्यों में हार, राहुल की रणनीति पर उठे सवाल
इसके बाद हिमंत कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए और अब वो असम में भाजपा से विधायक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस असम में मुस्लिम कार्ड खेल रही थी और इसी वजह से उसका ये हाल हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में असम विकास की राह पर चलेगा।

