'जल्द ही शुगर डैडी को मार डालूंगा', पत्नी की हत्या कर सिर फ्रिज में रखने वाले आरोपी ने दी धमकी
गुवाहाटी में पत्नी रिया तालुकदार की हत्या कर सिर फ्रिज में रखने वाले रामानुज गोस्वामी को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

असम में पत्नी की हत्या करने वाले को कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, दिसपुर। गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी को कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अदालत ले जाते समय आरोपी ने मीडिया के सामने न सिर्फ अपना जुर्म कबूला, बल्कि खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि जेल की सजा काटने के बाद अपनी पत्नी के शुगर डैडी को भी जान से मार डालेगा।
असमिया भाषा में पत्रकारों से बात करते हुए आरोपी ने कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है और वह माफी नहीं मांगेगा। 25 वर्षीय मृतका रिया तालुकदार के पति से जब पत्रकारों ने उस अज्ञात व्यक्ति की पहचान पूछी, तो वह भड़क गया और मीडियाकर्मियों के साथ बदतमीजी करने लगा।
कैसे खुला हत्या का राज?
यह खौफनाक मामला 6 सितंबर को तब सामने आया, जब पड़ोसियों को गुवाहाटी में कपल के अपार्टमेंट से तेज बदबू आने लगी। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने इस नई शादीशुदा जोड़ी को दो दिन से नहीं देखा है और दोनों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं।
जब पुलिस ने अपार्टमेंट का ताला तोड़ा, तो उन्हें अंदर महिला की लाश मिली। पुलिस के मुताबिक, महिला की उंगलियां थोड़ी कटी हुई थीं, शरीर सड़ना शुरू हो गया था और धड़ से सिर गायब था। बाद में शव की पहचान रिया तालुकदार के रूप में हुई, जिसकी रामानुज से कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी।
फ्रिज में मिला कटा हुआ सिर
फ्लैट की तलाशी लेने पर पुलिस को एक फ्रिज के अंदर पॉलीथिन बैग में रखा हुआ रिया का कटा सिर मिला। शव मिलने के बाद पुलिस ने रामानुज की तलाश शुरू कर दी थी, जो घर से फरार था। पड़ोसियों ने उसे आखिरी बार शुक्रवार को देखा था।
रविवार देर रात रामानुज ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने रिया के शव और सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अब रामानुज से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या का असली कारण पता चल सके और घटना की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके। जांचकर्ताओं को शक है कि किसी बात पर झगड़ा होने के बाद रामानुज ने रिया पर किसी धारदार हथियार से हमला किया था।
