Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी, यूपी-महाराष्ट्र में ओले गिरने का अनुमान; कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

    Updated: Fri, 03 Apr 2026 08:10 AM (IST)

    देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में धूलभरी आंधी चल रही है। मौसम विभाग ने 3 अप्रैल को उत्तर और पश्चिम भारत में तेज हवाओं ...और पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह धूलभरी आंधी चल रही है, इस बीच मौसम विभाग ने 3 अप्रैल को उत्तर और पश्चिम भारत में तेज हवाओं के साध बारिश का अलर्ट जारी किया है।

    दरअसल, इस सप्ताह 3-4 अप्रैल और फिर 7 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं। 3 और 4 अप्रैल को कश्मीर घाटी में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में बारिश के साथ धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। कहां कैसा रहेगा मौसम आइए जानते हैं देशभर के मौसम का हाल...

    andhi

    उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?

    दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित उत्तरी मैदानी इलाकों में 3 अप्रैल को भीषण मौसम की आशंका जताई जा रही है। 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से झोंके वाली आंधी आने की संभावना है। इसी दौरान ओले गिरने की संभावना भी है। जम्मू-कश्मीर में भी शुक्रवार को छिटपुट बारिश की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

    rain ola pti (1)

    अगर बात करें पहाड़ी राज्यों के मौसम की तो आज यानी 3 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, सप्ताह के अंत तक ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी होने की संभावना है। बारिश और बर्फबारी के कारण अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

    खबरें और भी

    यूपी के पश्चिमी हिस्से में 3 अप्रैल को हल्की बारिश और आंधी आ सकती है, जबकि 4 और 5 अप्रैल को 50-70 किमी/घंटा की तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 अप्रैल को ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

    पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?

    मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 3 अप्रैल को पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों, विशेष रूप से महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में छिटपुट बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, मध्य भारत में भी छिटपुट बारिश होगी। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा, बैतूल, होशंगाबाद, खरगोन, मंदसौर, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

    rain pti (1)

    दक्षिण भारत के मौसम का हाल

    अगर बात करें दक्षिण भारत के केरल और माहे की तो यहां 5 अप्रैल तक बारिश, बिजली और 30-60 किमी/घंटा की हवाएं चलने की संभावना है। आंध्र प्रदेश (तटीय क्षेत्र), यनम, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में 6 अप्रैल तक मौसम सक्रिय रहेगा। रायलसीमा में 5 और 6 अप्रैल को बारिश का असर दिखेगा। तटीय कर्नाटक में 4 अप्रैल को और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल में 3 से 6 अप्रैल के बीच बिजली गिरने की संभावना है।

    rain alert (2)

    किसानों के लिए नुकसान

    बेमौसम बारिश और आंधी किसानों की खड़ी फसलों के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। आंधी-तूफान हिंसक हो सकता है, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान की आशंका है।