जून तो सूखा गया, जुलाई में भी अच्छी बारिश के आसार नहीं; मौसम विभाग की डराने वाली भविष्यवाणी
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि जुलाई में बारिश दीर्घावधि औसत के 94 प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है। इस दौरान देश के ज्यादातर हि ...और पढ़ें

जून तो सूखा गया, जुलाई में भी अच्छी बारिश के आसार नहीं (फोटो- एएनआई)
HighLights
1901 के बाद से अब तक पांचवां सबसे सूखा जून रहा बीता महीना
मौसम विभाग ने जून में 92 प्रतिशत वर्षा का अनुमान लगाया था
रॉयटर, मुंबई। 1901 में रिकॉर्ड रखे जाने के बाद से बीता महीना अब तक का पांचवां सबसे सूखा जून रहा। हालांकि, जुलाई के लिए भी कोई राहत की बात नहीं है। मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि जुलाई में भारत में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है।
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि जुलाई में बारिश दीर्घावधि औसत के 94 प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है। इस दौरान देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की उम्मीद है।
लगभग चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाले भारत में आधी कृषि भूमि पर सिंचाई की सुविधा नहीं है और लगभग आधी आबादी खेती से अपनी जीविका चलाती है। ऐसे में जुलाई की बारिश बहुत जरूरी है, क्योंकि इस महीने भारत के अधिकांश हिस्सों में सबसे ज्यादा मानसूनी बारिश होती है।
इससे पहले मौसम विभाग ने जून में 92 प्रतिशत वर्षा का अनुमान लगाया था। लेकिन, बारिश में लगभग 40 प्रतिशत की कमी देखी गई। 1901 के बाद से जून के महीने में देश में यह पांचवीं सबसे कम (99.5 मिमी) बारिश थी। इससे पहले 1905, 1926, 2009 और 2014 में 100 मिमी से कम बारिश हुई थी। जून महीने में आम तौर पर 165.3 मिमी वर्षा होती है।
दिल्ली में दो-तीन दिनों में मानसून का दस्तक
एएनआई के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो-तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान के कुछ हिस्सों तथा पूरे जम्मू-कश्मीर में आगे बढ़ने वाला है।