विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Monsoon Updates: अरब सागर में प्रचंड हुआ तूफान, मानसून पर भी डाल रहा असर, IMD ने जारी किया अलर्ट

By Jagran NewsEdited By: Ashisha Singh Rajput
Updated: Wed, 07 Jun 2023 10:08 PM (IST)

Monsoon Updatesमानसून के आने में देरी के पीछे अरब सागर में चक्रवात को माना जा रहा है। आइएमडी ने पूर्वानुमान में पहले एक जून और बाद में चार जून तक मानसून के आने की भविष्यवाणी की थी। लेकिन दोनों अनुमान गलत हो गए।

केरल में आठ दिनों के विलंब से अगले 48 घंटे में पहुंच सकता है मानसून-
केरल में आठ दिनों के विलंब से अगले 48 घंटे में पहुंच सकता है मानसून-

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। अरब सागर में धीरे-धीरे प्रचंड होते जा रहे चक्रवात का असर अब पूरे देश में दिखने लगा है। केरल में प्रवेश से पहले ही मानसून ठिठक गया है। अभी तक आठ दिन की देर हो चुकी है।

भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) ने जताई आशंका

राजस्थान एवं गुजरात समेत देश के पश्चिमी भागों में आंधी-पानी के आसार हैं, जबकि उत्तरी-पूर्वी भाग के बिहार, यूपी, झारखंड समेत पांच राज्यों में अगले पांच दिनों तक हीट वेब की आशंका है। स्पष्ट है कि जहां अभी तक मानसूनी वर्षा की शुरुआत हो जानी चाहिए थी, वहां लू की लपटें चलेंगी।

इस बीच, अपने दो पूर्वानुमानों के गलत हो जाने के बाद भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) ने बुधवार को अपने तीसरे अनुमान में अगले दो दिनों में केरल में मानसून के प्रवेश की बात कही है।

48 घंटों के भीतर केरल का मौसम मानसून के अनुकूल

आइएमडी के अनुसार, बुधवार को मानसून की स्थिति दक्षिण अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी में थोड़ा और आगे बढ़ी है। अगले 48 घंटों के भीतर केरल का मौसम मानसून के अनुकूल है। दक्षिण अरब सागर, लक्षद्वीप, दक्षिण-पश्चिम के कुछ और हिस्सों, बंगाल की पूर्वोत्तर खाड़ी के कुछ हिस्सों में बारिश के विकास की स्थितियां बनती दिख रही हैं।

तूफान ने रोका मानसून का रास्ता

मानसून के आने में देरी के पीछे अरब सागर में चक्रवात को माना जा रहा है। आइएमडी ने पूर्वानुमान में पहले एक जून और बाद में चार जून तक मानसून के आने की भविष्यवाणी की थी। लेकिन दोनों अनुमान गलत हो गए। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि तूफान के कारण ही मानसून पर असर पड़ा है।

मौसम पर नजर रखने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट का मानना है कि केरल में मानसून के दस्तक के बाद भी अरब सागर के तूफान का असर अगले चार-पांच दिनों तक रहेगा। ऐसे स्थिति में मानसून केरल और महाराष्ट्र के तटीय हिस्से से आगे नहीं बढ़ पाएगा। बिहार-झारखंड एवं यूपी समेत अन्य राज्यों में मानसून के पहुंचने में सामान्य तिथि से 10 से 15 दिन तक विलंब हो सकता है।

डेढ़ सौ किमी की गति पकड़ सकता है तूफान

आइएमडी के अनुसार अरब सागर के ऊपर बना चक्रवात बिपरजाय उत्तर की ओर लगातार बढ़ रहा है, जो कुछ ही घंटे के भीतर भीषण हो जाएगा। हवा 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रही है, लेकिन अगले दो दिनों के भीतर इसकी गति डेढ़ सौ किमी प्रति घंटे से भी ज्यादा हो सकती है।

अभी अरब सागर में घने बादल छाए हुए हैं। बिपरजाय तूफान की स्थिति गोवा से 860 किमी एवं मुंबई से नौ सौ किमी की दूरी पर दिख रही है। ऐसे में आइएमडी ने मछुआरों को सतर्क किया है कि वे समुद्र में ज्यादा दूर तक न जाएं।