'ऐसी बातें होती रहती हैं', HR मैनेजर महिलाओं को बनाती थी निशाना; नासिक TCS धर्मांतरण केस में खुलासा
नासिक की टीसीएस कंपनी में कथित धर्म परिवर्तन और यौन उत्पीड़न मामले में नए खुलासे हुए हैं। पुलिस ने 9 मामले दर्ज कर 7 पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार क ...और पढ़ें
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नासिक की टीसीएस कंपनी में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन और यौन उत्पीड़न मामले में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी पुरुष महिलाओं को निशाना बनाने के लिए संगठित गिरोह की तरह काम करते थे।
पुलिस ने इन आरोपों के संबंध में नौ मामले दर्ज किए हैं। सात पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक महिला आरोपी अभी भी फरार है।
'ऐसी बातें होती रहती हैं'
दो महिला आरोपियों की भूमिका के बारे में बताते हुए नासिक पुलिस कमिश्नर संदीप कार्णिक ने बुधवार को कहा कि यूनिट की ऑपरेशंस और एचआर हेड ने कथित तौर पर एक पीड़ित को शिकायत दर्ज कराने से रोकने की कोशिश की। उसने पीड़ितों से कहा, "ऐसी बातें होती रहती हैं।" इस तरह से आरोपियों का पक्ष लिया।
28 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में ऑपरेशंस मैनेजर
इससे जुड़े एक घटनाक्रम में नासिक की अदालत ने बुधवार को महिला ऑपरेशंस मैनेजर को 28 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी के किसी चरमपंथी संगठन से जुड़े होने या उसे विदेश से फंडिंग मिलने की अटकलों वाली रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मामले की गहन जांच चल रही है और पुलिस ने एसआईडी, एटीएस और एनआईए को पत्र लिखा है।
एक शिकायत पुरुष कर्मचारी ने भी दर्ज कराई
उन्होंने आगे कहा, "जैसे ही हमें कोई सबूत मिलेगा, हम इस बारे में किसी नतीजे पर पहुंच पाएंगे।" उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा दर्ज किए गए नौ मामलों में से एक शिकायत कंपनी के एक पुरुष कर्मचारी ने दर्ज कराई है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि कार्यस्थल पर उसके धर्म परिवर्तन की कोशिश की गई और उसे धार्मिक रूप से परेशान किया गया।
खबरें और भी
इस हफ्ते की शुरुआत में पुलिस ने आठ महिला कर्मचारियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। इन महिलाओं ने दावा किया था कि उनके वरिष्ठ सहकर्मियों ने उन्हें मानसिक और यौन रूप से परेशान किया, जबकि एचआर डिपार्टमेंट ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया।
टीसीएस के 8 कर्मचारी गिरफ्तार
पुलिस ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के आठ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सात पुरुष और एक महिला ऑपरेशंस मैनेजर शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए पुरुष आरोपियों की पहचान दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और शाहरुख शेख के रूप में हुई है।
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने यौन उत्पीड़न को बेहद चिंताजनक और दुखद बताया और घोषणा की थी कि तथ्यों का पता लगाने तथा इस स्थिति के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए टीसीएस की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर आरती सुब्रमण्यम की देखरेख में एक गहन जांच चल रही है।